नशे के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, आरा में छापेमारी, हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अंडरग्राउंड गिरोह बेनकाब

Bihar Crime: पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा है जो चोरी-छिपे हेरोइन की बिक्री कर रहे हैं।...

Drug Racket Busted in Arrah Two Held with Heroin in Raid
नशे के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar Crime: आरा नगर से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नशे के काले कारोबार पर करारा वार किया है। इस ऑपरेशन में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन जैसा खतरनाक नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। यह कार्रवाई न सिर्फ इलाके में चल रहे अवैध धंधे का पर्दाफाश करती है, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता का भी पैग़ाम देती है।

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकुमार साह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 30 मार्च 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गौसगंज इलाके में दो युवक अपने घर के पास हेरोइन छिपाकर रखे हुए हैं और चोरी-छिपे इसकी बिक्री कर रहे हैं। इस इनपुट को हल्के में नहीं लिया गया बल्कि तुरंत एक रणनीतिक एक्शन प्लान तैयार किया गया।

थाना प्रभारी देवराज राय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने सुनियोजित तरीके से गौसगंज में छापेमारी की। ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी में बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिससे यह साफ हो गया कि यह कोई छोटा-मोटा मामला नहीं, बल्कि एक संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से इस गैरकानूनी कारोबार में सक्रिय थे और इलाके में नशे की सप्लाई कर रहे थे। रामदगी के आधार पर आरा नगर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच तेज कर दी गई है।

अब पुलिस की नजर इस पूरे रैकेट के नेटवर्क पर है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसकी जड़ें कहां तक फैली हैं। यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि नशे के कारोबार के खिलाफ प्रशासन अब जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। लेकिन बड़ा सवाल अब भी बाकी है क्या यह सिर्फ एक कड़ी है, या फिर जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का बड़ा खुलासा सामने आएगा?

रिपोर्ट- आशीष कुमार