Bihar Crime: गया की पहाड़ी पर युवती के साथ वहशी दरिंदगी,पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, अन्य की तलाश के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी

Bihar Crime: इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घिनौनी वारदात प्रकाश में आई है। इसके बाद पुलिस एक्शन में दिखी और...

Gaya Video Case
युवती के साथ वहशी दरिंदगी- फोटो : reporter

Bihar Crime:  गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घिनौनी वारदात प्रकाश में आई है। महुआडीह पहाड़ी के आंचल में एक युवक और उसकी महिला मित्र को कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा बंधक बनाकर बर्बरतापूर्वक पीटने और अमानवीय दुर्व्यवहार करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। इस सनसनीखेज वाकये ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं, जिससे संपूर्ण इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

वायरल वीडियो की भयावहता का संज्ञान लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने त्वरित और सख्त कार्रवाई का फरमान जारी किया। इसके उपरांत, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), शेरघाटी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक और स्थानीय थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस महकमें ने तकनीकी अनुसंधान और खुफिया तंत्र को सक्रिय करते हुए अपराधियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी।

पुलिसिया कार्रवाई के दौरान महुआडीह गांव से दो मुख्य नामजद आरोपियों श्रीमांझी (पिता: बनी मांझी) और उपेन्द्र सिंह (पिता: सरयू राम) को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। दोनों आरोपी इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं और इस घृणित कृत्य में सक्रिय रूप से संलिप्त बताए जा रहे हैं।

प्रशासन ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि कानून को अपने हाथ में लेने, किसी नागरिक पर कहर बरपाने या इस तरह के शर्मनाक कुकृत्यों को अंजाम देने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। वीडियो की सत्यता की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है तथा इसमें संलिप्त अन्य फरार गुनाहगारों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। पुलिस गिरफ्त में आए दोनों दरिदों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस आपराधिक साजिश के अन्य आयामों का पर्दाफाश किया जा सके।

रिपोर्ट- पुष्कर प्रवीण