Bihar Crime: बच्चा चोर की अफवाह से लोगों में खौफनाक उबाल, भीड़ का ऑन द स्पॉट इंसाफ, दो महिलाओं की जान पर बनी

Bihar Crime:शहर-शहर बच्चा चोर की सरगोशियों ने माहौल में ऐसा खौफ घोल दिया है कि हर अजनबी चेहरा शक के घेरे में है।...

Katihar Mob Fury Over Child Lifter Rumour
बच्चा चोर की अफवाह से लोगों में खौफनाक उबाल- फोटो : reporter

Bihar Crime:शहर-शहर बच्चा चोर की सरगोशियों ने माहौल में ऐसा खौफ घोल दिया है कि हर अजनबी चेहरा शक के घेरे में है। बच्चों की हिफाज़त जहां माता पिता और पुलिस की पहली तरजीह है, वहीं बेबुनियाद इल्ज़ामों पर भीड़ का कानून हाथ में लेना प्रशासन के लिए दोहरी चुनौती बन गया है। ताज़ा मामला कटिहार से सामने आया है, जहां एक ही दिन में दो अलग-अलग जगहों पर महिलाओं को बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने निशाना बनाया।

पहली वारदात अंबेडकर कॉलोनी (नगर थाना क्षेत्र) की है। यहां भीख मांगने वाली तीन महिलाओं के ‘संदिग्ध आचरण’ की चर्चा फैलते ही भीड़ बेकाबू हो गई। लोगों ने उन्हें घेर लिया, बंधक बना लिया और मारपीट शुरू कर दी। हालात तब संभले जब कुछ स्थानीय समझदार लोगों ने दख़ल दिया और पुलिस को इत्तला की। फौरन पहुंची पुलिस ने महिलाओं को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया।

दूसरी घटना मानसाही थाना क्षेत्र की है, जहां मानसिक रूप से विक्षिप्त एक महिला को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने घेर लिया। अफ़वाह की आग इतनी तेज़ थी कि लोग ‘फैसला ऑन द स्पॉट’ के इरादे से आगे बढ़ रहे थे। पुलिस की तत्परता और कुछ जागरूक नागरिकों की सूझबूझ से उसकी जान बच सकी।

इधर, शहर के दो स्कूलों के सामने हालिया ‘बच्चा चोरी की कोशिश’ की चर्चा ने खौफ को और हवा दी है। सामाजिक रूप से जागरूक लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर फिक्रमंद हैं, लेकिन पुलिस साफ कह रही है कि अफ़वाहों पर यक़ीन कर किसी को सज़ा देना गैरकानूनी है।

प्रशासन का कहना है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें, मगर भीड़ बनाकर इंसाफ़ करने की कोशिश न करें। कानून अपने हाथ में लेने वालों पर सख़्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कटिहार की ये दो घटनाएं इशारा करती हैं कि अफवाह का ज़हर कितना खतरनाक हो सकता है जहां एक तरफ बच्चों की हिफाज़त ज़रूरी है, वहीं बेगुनाहों की जान बचाना भी उतना ही अहम।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह