Bihar Crime: धारदार हथियार से परिवार पर हमला, विवाहिता की मौत, माता-पिता और बेटी समेत चार गंभीर

Bihar Crime: बदमाशों ने एक ही परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें एक विवाहिता की मौत हो गई।...

Khagaria Woman Killed Four Family Members Injured
धारदार हथियार से परिवार पर हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime: अज्ञात बदमाशों ने एक ही परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें एक विवाहिता की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता, बेटी और एक अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र स्थित करुवा मोड़ में बीती रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 

मृतका की पहचान अर्चना कुमारी के रूप में हुई है। वहीं हमले में अर्चना के पिता जयकांत पासवान , मां पार्वती देवी, बेटी परी कुमारी तथा यश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को सोमवार सुबह करीब 5 बजे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।अस्पताल में चिकित्सकों ने अर्चना कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं जयकांत पासवान और उनकी पत्नी पार्वती देवी की हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का भी इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। सदर एसडीपीओ मुकुल रंजन सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों तथा परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि फिलहाल घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला देर रात उस समय किया गया जब परिवार अपने घर में मौजूद था। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर पूरे परिवार को निशाना बनाया। हालांकि हमले के पीछे की वजह अभी रहस्य बनी हुई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस जघन्य घटना के बाद करुवा मोड़ और आसपास के इलाकों में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट- अमित कुमार