वैशाली में STF और जिला पुलिस का बड़ा एक्शन: 33 लाख की हेरोइन के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के 7 तस्कर को दबोचा

Bihar News : बिहार एसटीएफ और वैशाली जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुआ है, जिसकी बाजार मे कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है...

वैशाली में STF और जिला पुलिस का बड़ा एक्शन: 33 लाख की हेरोइन
7 हेरोइन तस्कर गिरफ्तार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : बिहार एसटीएफ (STF) और वैशाली पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह की कमर तोड़ दी है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के सात मुख्य सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से 166 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 33 लाख 20 हजार रुपये आंकी जा रही है। यह पूरी कार्रवाई वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर अंजाम दी गई।


इस बात की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि पटना एसटीएफ को बिदुपुर थाना क्षेत्र के तस्करों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना थी कि तस्करों का एक दल असम से मादक पदार्थों की बड़ी खेप लेकर हाजीपुर के राम आशीष चौक से गुजरने वाला है। सूचना के मिलते ही वैशाली पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन कर घेराबंदी की और तस्करों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश कुमार, नवीन कुमार, आशु कुमार, सचिन कुमार, राहुल कुमार, शिवम कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है, सभी बिदुपुर के निवासी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों ने शुरुआती पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।


उन्होंने बताया कि वे असम के सिलचर से हेरोइन की खेप खरीदते थे और उसे सुरक्षित तरीके से बिहार लाकर विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, यह गिरोह काफी समय से बिहार में सक्रिय था और इनका नेटवर्क केवल असम तक ही सीमित नहीं है, बल्कि देश के कई अन्य राज्यों में भी फैला हुआ है। यह अंतरराज्यीय सिंडिकेट युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने का काम कर रहा था।


पुलिस प्रशासन ने इस मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यालय के मुताबिक, इस तस्करी कांड में कुल 11 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने सात तस्करों को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि गिरोह के चार अन्य सदस्य फिलहाल फरार चल रहे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।


वैशाली पुलिस की इस सफलता को मादक पदार्थ विरोधी अभियान में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। पकड़े गए तस्करों के पास से बरामद दस्तावेजों और मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि इस पूरे सिंडिकेट के अंतिम छोर तक पहुँचा जा सके और इसके मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके।


रिषभ की रिपोर्ट