पटना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चेकिंग के दौरान 74 लीटर नशीला कफ सिरप बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार
पटना की नदी थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध टेम्पू का पीछा कर भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त किया है...
Patna : बिहार में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटना की नदी थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। 3 जून 2026 को नदी थाना अध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष छापेमारी टीम इलाके में सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पक्कीदरगाह की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध टेम्पू पर पुलिस कर्मियों की नजर पड़ी, जिसके बाद पुलिस टीम अलर्ट हो गई।
पुलिस को देखते ही मौजीपुर की तरफ भागा टेम्पू चालक
चेकिंग प्वाइंट पर मुस्तैद पुलिस को सामने देखकर टेम्पू चालक घबरा गया और उसने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। तस्करों ने पकड़े जाने के डर से वाहन को तेजी से मौजीपुर की ओर भगाना शुरू कर दिया। चालक की इस संदिग्ध गतिविधि को भांपते ही थानाध्यक्ष और उनकी टीम ने बिना वक्त गंवाए अपनी गाड़ियों से उस टेम्पू का पीछा करना शुरू किया।
घेराबंदी कर दबोचा, तलाशी में मिली 742 बोतलें
नदी थाना पुलिस की मुस्तैदी के कारण तस्कर भागने में पूरी तरह नाकाम रहे और कुछ ही दूरी पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर टेम्पू को दबोच लिया। इसके बाद जब पुलिस ने वाहन की सघन तलाशी ली, तो उसमें से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की एक बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 100 एमएल वाली कुल 742 बोतलें कफ सिरप जब्त की, जिसकी कुल मात्रा 74.200 लीटर आंकी गई है।
नकद रुपए, मोबाइल फोन और तस्करों की गाड़ी भी जब्त
नशीली सिरप की इस भारी खेप को जब्त करने के साथ ही पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टेम्पू को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके अलावा पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से अवैध धंधे और नेटवर्क के संचालन में इस्तेमाल होने वाले 5 मोबाइल फोन (1 एंड्रॉयड और 4 कीपैड) और ₹6,500 की नगद राशि भी बरामद की है, जिसे साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया गया है।
वैशाली और पटना के 5 तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
इस मामले में पुलिस ने वैशाली और पटना जिले के रहने वाले कुल पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नशीले सिरप के सिंडिकेट से जुड़े अन्य मास्टरमाइंड्स की तलाश जारी है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के साथ पप्पु कुमार पासवान, संतोष कुमार और पीटीसी राजेश कुमार मुख्य रूप से शामिल थे।
रजनीश की रिपोर्ट