Bihar Crime: पाकिस्तानी गैंगस्टर नेटवर्क तक पहुंची बिहार पुलिस , चंपारण में मोहम्मद सेयाज आलम गिरफ्तार, मोबाइल से मिली संदिग्ध सामग्री

Bihar Crime: पूर्वी चंपारण में पाकिस्तान स्थित आपराधिक और आतंकी नेटवर्क से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।...

Motihari Bihar Man Held Over Alleged Pakistan Network
पाकिस्तानी गैंगस्टर नेटवर्क तक पहुंची बिहार पुलिस- फोटो : social Media

Bihar Crime:  पूर्वी चंपारण में पाकिस्तान स्थित आपराधिक और आतंकी नेटवर्क से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। ढाका थाना पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक की पहचान बिसरहिया गांव निवासी मोहम्मद सेयाज आलम, पिता समसुल हक के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि युवक सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे अली गुज्जर के संपर्क में था।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति पाकिस्तान स्थित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में है। सूचना के सत्यापन के बाद सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में टीम ने बिसरहिया गांव के पास छापेमारी की। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक रेडमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि मोबाइल की जांच में आतंकी गतिविधियों से संबंधित बताए जा रहे वीडियो, फोटो, सोशल मीडिया रील्स और देशविरोधी सामग्री मिली है। डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस अब युवक के कथित सोशल मीडिया संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

जांच का एक अहम पहलू दिल्ली में 15 अगस्त के दौरान कथित साजिश से जुड़े संभावित कनेक्शन को लेकर भी है। चर्चा है कि सेयाज का दिल्ली जाने के लिए 10 अगस्त का टिकट बना था। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में इस संबंध में फिलहाल कोई ठोस इनपुट सामने नहीं आने की बात कही गई है।

अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सेयाज का संपर्क सिर्फ अली गुज्जर तक सीमित था या इसके पीछे कोई बड़ा डिजिटल नेटवर्क सक्रिय है। मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों की तकनीकी जांच जारी है। कार्रवाई में सिकरहना एसडीपीओ, ढाका थाना पुलिस और डीआईयू मोतिहारी की टीम शामिल रही।