Bihar GST Raid: बिहार में GST की बड़ी छापेमारी, कारोबारी के जांच से हड़कंप

Bihar GST Raid: जीएसटी विभाग की कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। ...

Bihar GST Raid: बिहार में GST की बड़ी छापेमारी,  कारोबारी के
बिहार में GST की बड़ी छापेमारी- फोटो : reporter

Bihar GST Raid: मोतीहारी में जीएसटी विभाग की कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। वाणिज्य-कर आयुक्त-सह-सचिव, बिहार, पटना के निर्देश पर जीएसटी विभाग ने शहर के पंचमंदिर चौक स्थित प्रमुख कपड़ा प्रतिष्ठान एमएस त्रिदेव वस्त्रालय में निरीक्षण शुरू किया। जीएसटी विभाग, मोतीहारी और जीएसटी अन्वेषण ब्यूरो, मुजफ्फरपुर की संयुक्त टीम इस कार्रवाई को अंजाम दे रही है। कार्रवाई की खबर फैलते ही शहर के कई कारोबारियों में भी बेचैनी बढ़ गई और कई दुकानों के शटर गिरने की बात सामने आई।विभागीय टीम प्रतिष्ठान में कारोबारी गतिविधियों और जीएसटी से जुड़े रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल कर रही है। अधिकारियों ने लेखा-पुस्तकों, खरीद-बिक्री के अभिलेख, जीएसटी रिटर्न, कर भुगतान का विवरण, स्टॉक रजिस्टर, इनवॉयस और अन्य जरूरी दस्तावेजों को जांच के दायरे में लिया है।

करोड़ों के स्टॉक का किया जा रहा मिलान

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में मौजूद कपड़ों और अन्य सामान का भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है। मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान खरीद से जुड़े दस्तावेजों और लेखांकन में दर्ज स्टॉक से किया जा रहा है। विभागीय जांच में प्रतिष्ठान में करोड़ों रुपये मूल्य का स्टॉक पाए जाने की जानकारी सामने आई है।अधिकारी यह भी जांच रहे हैं कि प्रतिष्ठान ने जितना कारोबार अपने जीएसटी रिटर्न में घोषित किया है, उसके अनुरूप वास्तविक स्टॉक और खरीद-बिक्री का आंकड़ा है या नहीं। इसके साथ ही घोषित टर्नओवर के हिसाब से देय जीएसटी और वास्तव में जमा किए गए कर की भी पड़ताल की जा रही है।

खरीद से बिक्री तक हर कड़ी पर नजर

जीएसटी टीम इस बात की भी जांच कर रही है कि कारोबारी ने जिन वस्तुओं की खरीद की, उन्हें मूल्यवर्धन या सकल लाभ जोड़कर बेचने के बाद नियमानुसार देय जीएसटी का भुगतान किया या नहीं। इसके लिए खरीद के दस्तावेज, बिक्री के बिल, स्टॉक और जीएसटी रिटर्न के आंकड़ों को आपस में मिलाया जा रहा है।यानी जांच सिर्फ कागजी रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि स्टॉक से लेकर खरीद-बिक्री और टैक्स भुगतान तक पूरी कारोबारी प्रक्रिया को खंगाला जा रहा है।

जांच के बीच कारोबारी ने जमा किए 40 लाख

राज्य-कर संयुक्त आयुक्त (प्रभारी), मोतीहारी संतोष कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के स्वामी की ओर से जीएसटी के रूप में तत्काल 40 लाख रुपये जमा किए गए हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की जांच अभी जारी है।

जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विभाग को रिकॉर्ड, स्टॉक और कर भुगतान में क्या-क्या अनियमितताएं मिलीं और कुल देनदारी कितनी बनती है। फिलहाल जीएसटी टीम दस्तावेजों और स्टॉक का मिलान कर रही है। कार्रवाई के बाद शहर के दूसरे कारोबारियों में भी जीएसटी रिकॉर्ड और टैक्स अनुपालन को लेकर हलचल तेज हो गई है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार