Bihar Crime: बिहार में बच्चा चोरी की कोशिश नाकाम, 8 माह के मासूम को छीनने की प्रयास, शोर मचाते ही बदमाश फरार, इलाके में दहशत

Bihar Crime: बिहार में मां की गोद से 8 महीने के बच्चे को छीनने की कोशिश की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से मासूम सुरक्षित बच गया।...

Munger Child Kidnap Bid Foiled
बच्चा चोरी की कोशिश नाकाम- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में मां की गोद से 8 महीने के बच्चे को छीनने की कोशिश की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से मासूम सुरक्षित बच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और अफवाहों से बचने की अपील की है।

यह घटना मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के संदलपुर बॉयज स्कूल के पास शनिवार दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पूरबसराय थाना क्षेत्र के शाह कॉलोनी निवासी मो. अकबर की पत्नी नेहा अपने 8 माह के बेटे के साथ टोटो से घर लौट रही थी। रास्ते में संदलपुर दुर्गा स्थान के पास टोटो चालक ने गाड़ी दूसरी दिशा में मोड़ दी। पूछने पर उसने स्कूल से एक बच्चे को छोड़ने की बात कही।

इसी दौरान संदलपुर बॉयज स्कूल के पास पहले से खड़े बाइक सवार दो युवक पहुंचे और महिला की गोद से मासूम को छीनकर भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग पीछा करने लगे। खुद को घिरता देख बदमाश करीब 100 मीटर आगे बच्चे को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। गनीमत रही कि मासूम पूरी तरह सुरक्षित मिला।

घटना की सूचना मिलते ही कासिम बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भागते बाइक की नंबर प्लेट की तस्वीर भी पुलिस को सौंपी। डिप्टी मेयर खालिद हुसैन भी परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वरीय अधिकारियों को जानकारी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देर रात घटनास्थल पहुंचे। एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। टीम घटनास्थल की जांच,आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

हालांकि अब तक सीसीटीवी फुटेज में घटना की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है और आसपास के कई लोगों ने भी ऐसी घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। पुलिस वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। मुंगेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान