Attack On Police: बिहार में पुलिस पर हमला, महिला पुलिसकर्मी लहूलुहान, विवादित जमीन पर निर्माण रोकने गई थी टीम
Attack On Police:एक बार फिर कानून की रक्षक बनी पुलिस खुद पर हुए हमले से बेबस नजर आई।

Attack On Police:एक बार फिर कानून की रक्षक बनी पुलिस खुद पर हुए हमले से बेबस नजर आई। मुजफ्फरपुर के बोचहा थाना क्षेत्र के बलथी रसूलपुर गांव में विवादित जमीन पर जबरन निर्माण कार्य रोकने गई पुलिस टीम पर आसामाजिक तत्वों ने अचानक हमला बोल दिया। इस हमले में महिला पुलिसकर्मी कंचन कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं।सर पर पत्थर लगने से लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गईं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि विवादित जमीन पर एक पक्ष बिना इजाजत निर्माण करा रहा है। सत्यापन के लिए बोचहा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन जैसे ही पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, एक पक्ष ने पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया और पुलिस को कुछ देर के लिए पीछे हटना पड़ा। हमले के दौरान अफरातफरी मच गई, और कंचन कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें फौरन इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
लेकिन पुलिस ने भी चुप बैठने से इनकार कर दिया। थोड़ी देर बाद स्थिति को काबू में लेते हुए पुलिस ने कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी है।
अब सवाल उठता है कि क्या पुलिस पर हमला करने वालों पर लगेगा सख्त केस या ये मामला भी फाइलों में दब जाएगा?
मुजफ्फरपुर की सड़कों पर आज चर्चा बस एक ही है पुलिस पर हमला, और न्याय की मांग!
रिपोर्टर- मणिभूषण शर्मा