Bihar Crime: मारा गया बिहार के मुज्जफरपुर का कुख्यात शूटर गोविंद...आशुतोष शाही और पूर्व मेयर समीर हत्यकांड का था मुख्य आरोपी...

Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बार फिर गैंगवार की खूनी दास्तान लिखी गई है। ....

Muzaffarpur Gang War Notorious Shooter Govind Sharma Gunned
जरायम की दुनिया का खूंखार मोहरा मारा गया- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बार फिर गैंगवार  की खूनी दास्तान लिखी गई है। इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई और दहशत का माहौल बन गया, जब शंभू-मंटू गिरोह के बेहद कुख्यात और शातिर शूटर गोविंद शर्मा को अपराधियों ने सरेआम गोलियों से छलनी कर दिया। ताबड़तोड़ हुई इस फायरिंग में गोविंद शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

चौंकाने वाली बात यह है कि मंगलवार को मुजफ्फरपुर में सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आगमन होने वाला है। पुलिस महकमा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद होने का दावा कर रहा था, लेकिन इस हाई-प्रोफाइल दौरे से ठीक दो दिन पहले हुए इस कत्ल-ए-आम ने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।दरअसल, यह खौफनाक वारदात मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र की है। रविवार की देर शाम, छोटी कल्याणी से अमर सिनेमा हॉल की तरफ जाने वाली सड़क पर स्थित 'आईकॉन टावर प्लाजा' में अचानक सन्नाटा चीख-पुकार में बदल गया। चश्मदीदों के मुताबिक, दो नकाबपोश और हथियारबंद अपराधी अचानक अपार्टमेंट के अंदर दाखिल हुए।

इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अपराधियों ने वहां मौजूद शूटर गोविंद शर्मा को निशाना बनाते हुए अपनी बंदूकों के मुंह खोल दिए। बैक-टू-बैक हुई कई राउंड फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। गोविंद शर्मा को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई गोलियां उसके जिस्म के आर-पार हो गईं और उसने तड़प-तड़प कर मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की इत्तिला मिलते ही जिले के  वरिष्ठ पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। वारदात की संजीदगी को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी तलब किया गया। पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर कागजी तफ्तीश पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गोविंद शर्मा कोई मामूली अपराधी नहीं था, बल्कि वह मुजफ्फरपुर के अपराध जगत का एक बेहद खूंखार नाम था। मूल रूप से मनियारी थाना क्षेत्र का रहने वाला गोविंद, शंभू-मंटू गिरोह का सबसे भरोसेमंद और शार्प शूटर माना जाता था।मुजफ्फरपुर को हिलाकर रख देने वाले दो सबसे बड़े हत्याकांडों में इसका नाम प्रमुखता से सामने आया था

मुजफ्फरपुर के पूर्व मेयर और बड़े प्रॉपर्टी डीलर समीर कुमार की सनसनीखेज हत्या में गोविंद का हाथ था।वहीं शहर के जाने-माने व्यवसायी और रसूखदार आशुतोष शाही की हत्या की साजिश और उसे अंजाम देने में भी यह मुख्य आरोपी था।पिछले साल ही मुजफ्फरपुर पुलिस ने मुसहरी थाना क्षेत्र से गोविंद शर्मा को भारी मात्रा में कारतूस और अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेजा था। लेकिन हाल ही में वह कोर्ट से जमानत पाकर जेल से बाहर आया था और दोबारा अपनी जमीन तलाश रहा था।

मामले की तफ्तीश की कमान खुद संभाल रहे मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि देर शाम अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। क्राइम सीन से पुलिस को कई खोखे बरामद हुए हैं। मृतक गोविंद शर्मा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर हत्या व रंगदारी जैसे आधा दर्जन संगीन मुकदमों दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश और गैंगवार समेत तमाम बिंदुओं पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है। बहुत जल्द कातिल सलाखों के पीछे होंगे।

शहर में पुलिस का पहरा सख्त कर दिया गया है और हमलावरों की तलाश में जगह-जगह नाकेबंदी कर छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा