Bihar Crime: पुलिसकर्मियों ने युवती से सरेआम की मारपीट, वीडियो वायरल होते हीं मचा हड़कंप, पुलिसकर्मियों पर जांच का शिकंजा

Bihar Crime: पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Muzaffarpur Police Assault Girl Viral Video Triggers Probe
पुलिसकर्मियों ने युवती से सरेआम की मारपीट- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा चौक के समीप एक युवती के साथ डायल 112 के पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी एक युवती को डायल 112 की गाड़ी में बैठाते दिखाई दे रहे हैं। युवती इसका विरोध करती नजर आती है। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और युवती के बीच कहासुनी होती दिखाई देती है और आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवती के साथ मारपीट की।घटना के दौरान सड़क पर कई लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। इसी बीच वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।

मामला सोशल मीडिया के जरिए पुलिस के वरीय अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर युवती को डायल 112 की गाड़ी में क्यों बैठाया जा रहा था और उसके साथ कथित मारपीट की नौबत किन परिस्थितियों में आई।

मामले को लेकर एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा चौक के समीप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी मिली है। वीडियो में डायल 112 के कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवती के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां और पुलिसकर्मियों की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा