Bihar Crime: सोशल मीडिया पर भौकाल पड़ा भारी, हथियार लहराने वाला युवक चढ़ा पुलिस के हत्थे

Bihar Crime: सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दबंगई दिखाना एक युवक को महंगा पड़ गया।

Muzaffarpur Social Media Showoff Backfires
सोशल मीडिया पर भौकाल पड़ा भारी- फोटो : reporter

Bihar Crime: सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दबंगई दिखाना एक युवक को महंगा पड़ गया। मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र से सामने आए इस मामले ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि ऑनलाइन ‘भौकाल’ बनाना अब सीधे सलाखों तक पहुंचा सकता है।

पूरा मामला कटरा थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थी। इस फोटो में युवक खुलेआम हथियार लहराते हुए खुद को ‘दबंग’ दिखाने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही यह तस्वीर वायरल हुई, मामला बिहार पुलिस तक पहुंच गया।

पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान शिवदासपुर निवासी मोहम्मद समीउल्लाह के रूप में की और उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो युवक का ‘भौकाल’ पल भर में उतर गया।

आरोपी ने खुलासा किया कि वह हथियार उसका नहीं, बल्कि उसके एक दोस्त का है। उसने सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए हथियार लिया था और उसे व्हाट्सएप स्टेटस पर डाल दिया। लेकिन किसी ने उस स्टेटस का स्क्रीनशॉट लेकर वायरल कर दिया, जिससे वह पुलिस की नजर में आ गया।

थाना अध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। साथ ही जिस युवक का असली हथियार है, वह अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस घटना ने युवाओं के बीच सोशल मीडिया पर रौब दिखाने की प्रवृत्ति पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि इस तरह की हरकतों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा