Bihar Crime: महिला से थाने में ही दबंगई,पुलिस स्टेशन में धमकाते दिखे मुखिया, खाकी के सामने मोबाइल छीनने की कोशिश

Bihar Crime: बिहार में कानून-व्यवस्था और सत्ता के गठजोड़ पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Muzaffarpur Woman Harassed at Police Station Over Daughter M
महिला से थाने में ही दबंगई- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में कानून-व्यवस्था और सत्ता के गठजोड़ पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला  मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र का है, जहां थाने के भीतर ही दबंगई का ऐसा दृश्य सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। आरोप है कि एक पंचायत मुखिया, जिनकी पहचान दिनेश यादव के रूप में बताई जा रही है, थाने में पुलिस की मौजूदगी के बीच एक महिला से उलझ गए और खुलेआम दबंगई करने लगे। बताया जा रहा है कि यह महिला अपनी बेटी की कथित हत्या के मामले में कार्रवाई की जानकारी लेने थाने पहुंची थी।

महिला का आरोप था कि उसकी बेटी के ससुराल पक्ष को बचाने की कोशिश की जा रही है, जिसमें पंचायत स्तर के प्रभावशाली लोग भी शामिल हैं। इसी दौरान थाने में पहले से मौजूद मुखिया पर महिला को देखकर तनाव बढ़ गया।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब महिला ने थाने में ही उनका वीडियो बनाना शुरू किया। इसी पर मुखिया कथित तौर पर भड़क उठे और उन्होंने महिला से मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इस पूरे घटनाक्रम को महिला ने किसी तरह रिकॉर्ड कर लिया, और वही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि पूरा घटनाक्रम थाने के भीतर और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुआ बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर थाने जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर भी इस तरह की दबंगई खुलेआम हो सकती है,तो आम जनता कहां न्याय की उम्मीद करेगी।यह मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या थानों में प्रभावशाली लोगों की मौजूदगी कानून से ऊपर हो गई है?

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो की सत्यता तथा पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर बिहार में पुलिस-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के रिश्तों को कठघरे में खड़ा कर दिया है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा