Bihar Police Attack: कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला, अपराधियों ने ट्रैक्टर से एएसआई को रौंदा, हालत गंभीर, पटना रेफर
Bihar Police Attack: बिहार में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब पुलिस पर भी हमला करने से बाज नहीं आ रहे हैं।...
Bihar Police Attack: बिहार में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब पुलिस पर भी हमला करने से बाज नहीं आ रहे हैं। नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के केसरिया गांव में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला होने की गंभीर घटना सामने आई है। इस हमले में नारदीगंज थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक नागेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया है।

थाना प्रभारी आदित्य कुमार के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालू से लदे एक ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने भागने की कोशिश की और तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए एएसआई नागेंद्र कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

घायल एएसआई को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। एसडीपीओ राहुल कुमार की देखरेख में कई जगहों पर छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें अलग-अलग स्थानों से छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध खनन नेटवर्क और हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर यह दर्शाती है कि अवैध खनन के कारोबार में कितनी आक्रामकता और कानून विरोधी गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, जिन पर लगाम लगाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
रिपोर्ट- अमन कुमार