Bihar Crime: बगीचे के मिट्टी के कुएं में मिला जला शव, टूटी नंबर प्लेट ने बढ़ाया रहस्य, युवक की संदिग्ध मौत से इलाके सनसनी

Bihar Crime: बगीचे के एक मिट्टी के कुएं से युवक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। ...

Nawada Burnt Body Found
कुएं में मिला जला शव- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा के मेसकौर थाना क्षेत्र में सोमवार को बगीचे के एक मिट्टी के कुएं से  युवक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चंदाबारा गांव निवासी सोफी कुमार के रूप में हुई है। शव पर जलने के निशान थे और चेहरा भी बुरी तरह झुलसा हुआ था। घटना मेसकौर और पन्नाडावर थाना क्षेत्र की सीमा के पास कृष्णा नगर के समीप की बताई जा रही है।

शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मौके से करीब 200 मीटर दूर एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। उसकी नंबर प्लेट टूटी हुई थी, जबकि चेसिस नंबर को मिटाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। इन परिस्थितियों ने पुलिस की तफ्तीश को और पेचीदा कर दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोटरसाइकिल का इस घटना से क्या संबंध है।

मृतक के पिता महेंद्र चौहान के मुताबिक, रविवार दोपहर से सोफी कुमार का मोबाइल बंद था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को अज्ञात शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। बरामद मोटरसाइकिल के आधार पर शव की पहचान सुबीर के तौर पर की गई।

परिजनों ने किसी से दुश्मनी होने से इनकार किया है। पिता ने आशंका जताई है कि बेटे की हत्या करने के बाद शव को जलाकर कुएं में फेंका गया होगा। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। हत्या, आत्महत्या और आपसी विवाद समेत तमाम संभावित पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस की तफ्तीश में पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम कड़ी साबित होगी। मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल जला हुआ शव, संदिग्ध मोटरसाइकिल और मिटाया गया चेसिस नंबर कई सवाल खड़े कर रहे हैं।

रिपोर्ट- अमन कुमार