Bihar Crime: बिहार में जमीन के लिए बहा खून, मारपीट के बाद युवक की मौत, गुस्साए परिजनों ने सड़क किया जाम
Bihar Crime: करीब पांच डिसमिल जमीन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।...
Bihar Crime:नवादा के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में करीब पांच डिसमिल जमीन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में करीब 30 वर्षीय मीनू महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को वारिसलीगंज-खराट मुख्य पथ पर दरियापुर गांव के समीप रखकर सड़क जाम कर दिया।
मृतक के पिता कृष्णा महतो के मुताबिक, घर के बगल की करीब पांच डिसमिल जमीन को लेकर पड़ोसी पक्ष से पहले से विवाद चल रहा था। जमीन पर बाउंड्री देने का काम शुरू किया गया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट में मीनू महतो को गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता कृष्णा महतो ने आरोप लगाया कि लाठी-डंडों से की गई पिटाई के कारण ही उनके बेटे की जान गई। उन्होंने घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मीनू महतो की मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने शव सड़क पर रखकर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। सूचना मिलने पर वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया।पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बनाए हुए है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बच्चे और माता-पिता समेत परिवार छोड़ गए हैं।
रिपोर्ट- अमन कुमार