Bihar EOU Raid: बिहार में सबेरे सबेरे EOU के छापे से मचा हड़कंप, सब इंस्पेक्टर के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
बिहार में आर्थिक अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने बुधवार सुबह सब इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।...
Bihar EOU Raid: बिहार में आर्थिक अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने बुधवार सुबह परिवहन विभाग के अवर पर्वतन निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरा, पटना, मुजफ्फरपुर और नवादा में जांच की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई का केंद्र आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला बताया जा रहा है।
आरा के तीन मंजिला मकान में सुबह-सुबह पहुंची टीम
बुधवार सुबह EOU की टीम अचानक आरा शहर के अवधपुरी इलाके में स्थित अमित कुमार गुप्ता के तीन मंजिला मकान पर पहुंची। टीम ने परिसर को अपने कब्जे में लेकर तलाशी शुरू कर दी। अधिकारियों ने मकान के कमरों से लेकर अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच की।
तलाशी के दौरान जमीन और मकान से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड, संपत्ति से संबंधित कागजात और अन्य महत्वपूर्ण सामानों को खंगाला जा रहा है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि अधिकारी की घोषित आय और अर्जित संपत्ति के बीच कितना अंतर है।
दानापुर के फ्लैट पर भी EOU की नजर
EOU की एक अन्य टीम पटना जिले के दानापुर क्षेत्र के आंसुपुर स्थित फ्लैट नंबर 609 में भी जांच कर रही है। एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई से संबंधित इलाकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।अमित कुमार गुप्ता फिलहाल भभुआ में मोबाइल सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद उनकी संपत्ति और वित्तीय लेन-देन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
150 फीसदी से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर पर आय के ज्ञात स्रोतों के मुकाबले करीब 150 प्रतिशत से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इसी कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में EOU की टीम दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
मकान में खड़ी इलेक्ट्रिक कार भी जांच के घेरे में
छापेमारी के दौरान टीम की नजर मकान परिसर में खड़ी इलेक्ट्रिक कार पर भी गई। अधिकारियों ने वाहन की भी जांच की। एजेंसी की कार्रवाई के दौरान संपत्ति, वाहन और अन्य संभावित परिसंपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।फिलहाल छापेमारी जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच टीम को क्या-क्या दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। EOU की विस्तृत जांच के बाद ही आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
गया से आशीष कुमार की स्पेशल रिपोर्ट