EOU Raid: भोरे भोरे EOU ने एक साथ चार ठिकानों पर मारा रेड, परिवहन विभाग के MVU के ठिकानों पर छापा

EOU Raid: आय से अधिक संपत्ति के मामले में बिहार की आर्थिक अपराध इकाई ने बुधवार सुबह परिवहन विभाग के अवर प्रवर्तन निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता से जुड़े ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

EOU Raids
EOU का बड़ा एक्शन- फोटो : reporter

EOU Raid: आय से अधिक संपत्ति के मामले में बिहार की आर्थिक अपराध इकाई  ने बुधवार सुबह परिवहन विभाग के अवर प्रवर्तन निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता से जुड़े ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। आरा और पटना समेत कई स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। EOU की टीमें संपत्ति, बैंक खातों, दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड को खंगालने में जुटी हैं।

अवधपुरी स्थित कृष्ण कला भवन में सुबह-सुबह पहुंची टीम

आरा शहर के अवधपुरी इलाके में स्थित अमित कुमार गुप्ता के तीन मंजिला मकान कृष्ण कला भवन में बुधवार सुबह EOU की टीम पहुंची। टीम ने परिसर में तलाशी शुरू कर दी और मकान के अलग-अलग हिस्सों में रखे दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। आरा के अलावा, पटना, मुजफ्फरपुर, नवादा में भी रेड की खबर मिल रही हैा

तलाशी के दौरान जमीन-जायदाद से जुड़े कागजात, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड समेत अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अधिकारी की घोषित आय और उनके नाम या उनसे जुड़े लोगों के नाम पर अर्जित संपत्तियों के बीच कितना अंतर है।

दानापुर के फ्लैट पर भी EOU की दबिश

EOU की दूसरी टीम पटना जिले के दानापुर क्षेत्र के आंसुपुर स्थित फ्लैट नंबर 609 में भी जांच कर रही है। एक साथ कई ठिकानों पर हुई कार्रवाई के बाद संबंधित इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

अमित कुमार गुप्ता फिलहाल भभुआ में परिवहन विभाग के अवर प्रवर्तन निरीक्षक के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी की कार्रवाई का केंद्र आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला बताया जा रहा है।

ज्ञात आय से 150 फीसदी से ज्यादा संपत्ति का संदेह

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसी को अमित कुमार गुप्ता की संपत्ति उनके ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में करीब 150 प्रतिशत से अधिक होने का संदेह है। इसी आधार पर EOU की टीम दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड को खंगाल रही है।हालांकि, छापेमारी अभी जांच के दौर में है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टीम को कितनी संपत्ति, नकदी, दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण सामग्री मिली है। फिलहाल EOU की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी और दस्तावेजों की जांच में जुटी हैं। विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार