Patna crime:पटना में थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर खूनी संघर्ष, आधी रात दो पक्षों में चले लाठी-डंडे और चाकू, कई घायल
Patna crime:पटना के फुलवारी शरीफ के टमटम पड़ाव स्थित मुख्य सड़क पर बजरंगबली मंदिर के पास देर रात दो गुटों के बीच हिंसक मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बेल्ट, तलवार और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान पिस्टल भी निकाली गई, हालांकि फायरिंग नहीं हो सकी। इस घटना से सड़क पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल उठाए हैं, क्योंकि घटनास्थल फुलवारी शरीफ थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर था, फिर भी पुलिस देर से पहुँची। विवाद के कारणों को लेकर दो अलग-अलग दावे हैं; पुलिस इसे टेंपो चालकों का विवाद बता रही है, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जोगिया टोली गली में सक्रिय अवैध नशा कारोबारियों (शराब, गांजा, स्मैक) के बीच का आपसी झगड़ा है। पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।
रिपोर्ट - सुमित कुमार