Patna Crime: शादी का झांसा देकर तीन साल तक बनाया शारीरिक संबंध , प्रेमिका ने लगाए गंभीर आरोप, प्रेमी गिरफ्तार
Patna Crime: एक युवती ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर करीब तीन साल तक यौन शोषण करने और विरोध करने पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। ...
Patna Crime: पटना के गर्दनीबाग इलाके में एक युवती ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर करीब तीन साल तक यौन शोषण करने और विरोध करने पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर गर्दनीबाग थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी रोशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से जानीपुर का रहने वाला बताया गया है और फिलहाल गर्दनीबाग इलाके में किराये के मकान में युवती के साथ रह रहा था।
पीड़िता के मुताबिक, वह पिछले करीब तीन वर्षों से रोशन कुमार के साथ रिलेशनशिप में थी। आरोप है कि इस दौरान रोशन शादी का भरोसा देकर उसके साथ यौन संबंध बनाता रहा। युवती जब भी शादी की बात करती तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगता था। शादी को लेकर दबाव बढ़ाने पर दोनों के बीच विवाद भी होने लगा।
शुक्रवार को युवती ने एक बार फिर रोशन से शादी करने की बात कही। आरोप है कि इस दौरान रोशन भड़क गया और उसके साथ मारपीट करने लगा। मारपीट में युवती घायल हो गई। इसके बाद पीड़िता घायल अवस्था में गर्दनीबाग थाना पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दी।शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद रोशन फरार हो गया था। पुलिस को सूचना मिली कि वह जानीपुर इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया।
गर्दनीबाग थानेदार प्रमोद कुमार ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार