Patna Encounter: सुबह सुबह पटना में कैश वैन लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने दौड़ाकर मारी गोली, दो अपराधी गिरफ्तार, खाकी के एक्शन से हड़कंप
Patna Encounter: पटना में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुआ। पुलिस ने बदमाश को दौड़ा कर गोली मार दी है.....
Patna Encounter: बिहार में अपराधियों के खिलाफ जारी सख्त कार्रवाई अब और ज्यादा खौफनाक मोड़ लेती दिख रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले ही साफ अल्फाज़ में कह चुके हैं कि या तो अपराधी जुर्म की दुनिया छोड़ दें, वरना उन्हें बिहार छोड़ना पड़ेगा। इसी सख्त पैगाम के बीच पूरे प्रदेश में पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा लगातार जारी है।इसी अभियान के तहत राजधानी पटना के मसौढ़ी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच बड़ा एक्शन देखने को मिला। मसौढ़ी पुलिस ने ऑपरेशन लंगड़ा की तर्ज पर जबरदस्त घेराबंदी करते हुए दो शातिर अपराधियों को दबोच लिया। इस दौरान पुलिस ने एक बदमाश के पैर में गोली मारकर उसे धर दबोचा, जबकि दूसरा अपराधी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश की पहचान अजय पासवान के रूप में हुई है, जिसके पैर में गोली लगी है। वहीं उसका साथी अजय यादव भी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। दोनों अपराधियों पर लूट, छिनतई और कई संगीन वारदातों के दर्जनों मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक ये दोनों बदमाश पिछले दो दिनों से मसौढ़ी इलाके में सोना कारोबारियों की रेकी कर रहे थे। पुलिस को शक है कि ये किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इतना ही नहीं, पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हाल ही में गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुई कैश वैन लूटकांड में भी इन अपराधियों की भूमिका रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को इनकी मूवमेंट की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। घेराबंदी के दौरान अपराधियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने जवाबी एक्शन लेते हुए अजय पासवान के पैर में गोली मार दी।बता दें मंगलवार को भी खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिघौन पंचायत के सुखायबासा में पुलिस एनकाउंटर में जिले के टॉप टेन अपराधियों की लिस्ट में शामिल 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाश की पहचान स्थानीय दिघौन गांव के वार्ड 14 निवासी 40 वर्षीय बुद्दीन मियां के रूप में की गई है।
बहरहाल इस कार्रवाई के बाद मसौढ़ी इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का दावा है कि वक्त रहते कार्रवाई नहीं होती तो इलाके में बड़ी लूट और खूनखराबे की वारदात हो सकती थी। फिलहाल दोनों अपराधी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है।
पटना के मसौढ़ी से सुजीत कुमार की विशेष रिपोर्ट