पटना में सर कटे शव की गुत्थी सुलझी : अवैध संबंध और नशे के कारोबार में दोस्त ने ही की थी छोटू की हत्या
Bihar Crime : पटना में बीते 16 मई को रेलवे ट्रैक से बरामद हुए एक अज्ञात सिर कटे शव के सनसनीखेज 'ब्लाइंड मर्डर केस' का पटना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध और नशे के कारोबार के कारण दोस्त ने ही घटना को अंजाम दिया था....
Patna : राजधानी पटना में बीते 16 मई को रेलवे ट्रैक से बरामद हुए एक अज्ञात सिर कटे शव के सनसनीखेज 'ब्लाइंड मर्डर केस' का पटना पुलिस ने सफल उद्भेदन कर दिया है। यह खौफनाक मामला मृतक की पत्नी से अवैध संबंध और नशे के इंजेक्शन के अवैध कारोबार के विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी चंदन ने अपने दोस्त दिलावर के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी खुशबू, सहयोगी दिलावर और एक अन्य आरोपी छोटू सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दुर्घटना का रूप देने के लिए रेलवे ट्रैक पर फेंकी थी लाश
मामले का खुलासा करते हुए सचिवालय डीएसपी-1 डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि बीते 16 मई को पटना के हवाई अड्डा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैक से एक सिर कटी लाश बरामद हुई थी। आरोपियों ने मृतक की हत्या करने के बाद मामले को ट्रेन दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी। इसी मकसद से उन्होंने धड़ को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था, जबकि पहचान छुपाने के लिए सिर को काटकर घटनास्थल से कुछ दूरी पर फेंक कर फरार हो गए थे। इस अंधी हत्या की गुत्थी तब सुलझी जब पुलिस ने मृतक की पत्नी खुशबू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
कौशल नगर का रहने वाला था मृतक, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए थे सबूत
जांच के दौरान मृतक की पहचान गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के कौशल नगर निवासी चंदन कुमार (उर्फ छोटू) के रूप में की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस गायब सिर की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम की मदद ली गई, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इन साक्ष्यों और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस आखिरकार आरोपियों के गिरेबान तक पहुंचने में कामयाब रही।
आरोपियों की निशानदेही पर जलकुंभी से बरामद हुआ सिर
पुलिस टीम ने जब गिरफ्तार अभियुक्तों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस हवाई अड्डा थाना क्षेत्र स्थित उसी रेलवे ट्रैक के पास पहुंची, जहां से कुछ दूरी पर जलकुंभी और झाड़ियों के बीच छुपाकर रखे गए मृतक के कटे हुए सिर को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे अवैध संबंधों के साथ-साथ प्रतिबंधित नशे के इंजेक्शनों के सिंडिकेट और उसके लेनदेन का विवाद भी एक मुख्य वजह बनकर सामने आया है।
शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर काटा था भारी बवाल
गौरतलब हो कि 16 मई को जब स्थानीय लोगों ने बिना सिर वाली लाश को रेलवे ट्रैक पर देखा था, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और कौशल नगर के स्थानीय निवासियों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर जमकर बवाल और हंगामा काटा था। तब पुलिस प्रशासन ने जल्द खुलासे का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया था। अब पुलिस द्वारा महज कुछ ही दिनों में मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजे जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
अनिल की रिपोर्ट