Bihar Crime: सारण में चाकूबाजी से सनसनी, 3 की मौत, चौथे घायल की हालत गंभीर

Bihar Crime: किसी विवाद के बाद शुरू हुई हिंसक झड़प में चाकू लगने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ...

Saran Knife Attack
चाकूबाजी से सनसनी- फोटो : reporter

Bihar Crime:  सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ गांव में शनिवार रात हुई खूनी चाकूबाजी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। किसी विवाद के बाद शुरू हुई हिंसक झड़प में चाकू लगने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान तीन घायलों की मौत हो गई, जबकि चौथे घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। घटना के बाद परसागढ़ और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है।

मृतकों की पहचान छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, एकमा थाना क्षेत्र के जिरतपुर पचुआ निवासी ध्रुप यादव के पुत्र मुकेश कुमार और विजय यादव के पुत्र रमेश यादव के रूप में हुई है। वहीं, घायल की पहचान विनोद कुमार के पुत्र विवेक कुमार के रूप में की गई है।

बताया जाता है कि अंकुर पटेल उर्फ धोनी अपने मामा के घर परसागढ़ आया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई। वारदात में चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए एकमा स्थित डॉ. एस. कुमार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में भी दोबारा चाकूबाजी होने की चर्चा सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अस्पताल में हुई कथित दूसरी वारदात की अभी विस्तृत पुष्टि नहीं की गई है। अगर यह बात जांच में सही पाई जाती है तो मामला और गंभीर हो सकता है।

गंभीर रूप से घायल अंकुर पटेल की एकमा के निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मुकेश कुमार और रमेश यादव को बेहतर उपचार के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। चौथे घायल विवेक कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।

सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। सदर एसडीपीओ-2 के अनुसार, प्रथमदृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी