Bihar Crime: रील बनाने की सनक, बुलेट का भौकाल और तमंचे का शौक! दो नाबालिग हथियार के साथ गिरफ्तार
Bihar Crime: शिवहर में सोशल मीडिया पर रील बनाने और दबंगई का भौकाल दिखाने की सनक दो नाबालिगों को मुश्किल में डाल गई।......
Bihar Crime: शिवहर में सोशल मीडिया पर रील बनाने और दबंगई का भौकाल दिखाने की सनक दो नाबालिगों को मुश्किल में डाल गई। बुलेट बाइक पर सवार होकर रौब जमाने और कथित तौर पर हथियार के साथ वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान दोनों नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक बुलेट बाइक और हथियार बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
पूरा मामला तरियानी थाना क्षेत्र के वृंदावन के पास का है। जानकारी के मुताबिक, शिवहर एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के निर्देश पर पुलिस की ओर से लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर बुलेट बाइक पर सवार दो युवकों पर पड़ी। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान उनके पास से हथियार बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में दोनों के राजेपुर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर निवासी होने की जानकारी सामने आई है। दोनों की उम्र नाबालिग बताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनके पास हथियार कहां से आए और वे इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने वाले थे। सोशल मीडिया पर रील बनाने और हथियार के जरिए रौब दिखाने की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।
एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए जिले में वाहन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर दिखावे और हथियारों के कथित प्रदर्शन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर रील और भौकाल के चक्कर में कम उम्र के बच्चे हथियारों तक कैसे पहुंच रहे हैं? फिलहाल पुलिस दोनों नाबालिगों से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई में जुटी है।
शिवहर से मनोज कुमार सिंह की रिपोर्ट