अब दिल्ली जाना होगा और भी आसान! बिहार के 13 जिलों से शुरू हुई सीधी बस सेवा, जानें रूट और किराया

बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए 18 मार्गों पर नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू हो गई है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने हरी झंडी दिखाई। जानें रूट, बसों की संख्या और किराए की पूरी सूची।

Bihar to Delhi regular bus service started
हार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू, 18 मार्गों पर होगा परिचालन- फोटो : news 4 nation

बिहार में अंतरराज्यीय परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के 13 जिलों से देश की राजधानी दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा की शुरुआत कर दी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शुरू हुई इस पहल के तहत कुल 18 मार्गों पर बसों का परिचालन किया जाएगा, जिससे लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। शुक्रवार को नई दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने संयुक्त रूप से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


दोनों राज्यों के बीच हुआ एमओयू, बीएसआरटीसी ने खरीदीं 149 नई बसें

बसों को हरी झंडी दिखाने से पूर्व बिहार के परिवहन सचिव राज कुमार और दिल्ली की परिवहन सचिव निहारिका राय ने अंतरराज्यीय बस परिचालन के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, इन मार्गों पर सुगम परिचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं, जिनमें 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अलावा पीपीपी मोड के तहत भी 150 बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को पर्याप्त विकल्प मिल सकेंगे।


पटना से सर्वाधिक 4 रूट, हर मार्ग पर दोनों तरफ से 12-12 परमिट

इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के 13 जिलों से कुल 18 मार्गों का चयन किया गया है। इसमें राजधानी पटना से सबसे अधिक 4 मार्ग, जबकि मुजफ्फरपुर और गया जी से 2-2 मार्ग तय किए गए हैं। वहीं अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से 1-1 मार्ग दिल्ली के लिए चिन्हित किए गए हैं। समझौते के तहत प्रत्येक मार्ग पर दिल्ली और बिहार दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित किया गया है।


अब पर्व-त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगी सेवा: दामोदर रावत

कार्यक्रम के दौरान बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पहले यह बस सेवा केवल पर्व-त्योहारों के दौरान ही संचालित होती थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के त्योहारों में भीड़ को देखते हुए 210 बसें तथा वर्ष 2026 में दीपावली और छठ पर्व के अवसर पर दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के मार्गों पर 155 बसें चलाई गई थीं। यात्रियों की बढ़ती मांग और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए अब इसे पूरे वर्ष नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है।


हरियाणा समझौते से भी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को दोहरा लाभ

परिवहन मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि इससे पहले जुलाई में बिहार और हरियाणा के बीच 12 मार्गों पर नियमित बस संचालन के लिए एमओयू हो चुका है। इस समझौते के तहत निगम को 36 बसों का परमिट प्राप्त हो चुका है। इन मार्गों पर चलने वाली अधिकांश बसें दिल्ली होते हुए हरियाणा के विभिन्न शहरों तक जाएंगी, जिससे बिहार-हरियाणा के साथ-साथ बिहार-दिल्ली के यात्रियों को भी अतिरिक्त परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा।


चार श्रेणियों में किराया तय, जानें प्रमुख शहरों का रेट

यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में नॉन-एसी सीटर, नॉन-एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर कुल 4 श्रेणियों में किराया निर्धारित किया गया है:


पटना-दिल्ली (1198 किमी): नॉन-एसी सीटर 1615 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1715 रुपये, एसी सीटर 1980 रुपये, एसी स्लीपर 2919 रुपये


मुजफ्फरपुर-दिल्ली (1071 किमी): नॉन-एसी सीटर 1470 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1570 रुपये, एसी सीटर 1804 रुपये, एसी स्लीपर 2717 रुपये


गयाजी-दिल्ली (1106 किमी): नॉन-एसी सीटर 1555 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1655 रुपये, एसी सीटर 1907 रुपये, एसी स्लीपर 2784 रुपये


दरभंगा-दिल्ली (1137 किमी): नॉन-एसी सीटर 1592 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1692 रुपये, एसी सीटर 1853 रुपये, एसी स्लीपर 2866 रुपये


पूर्णिया-दिल्ली (1367 किमी): नॉन-एसी सीटर 2018 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 2118 रुपये, एसी सीटर 2470 रुपये, एसी स्लीपर 3383 रुपये


भागलपुर-दिल्ली (1420 किमी): नॉन-एसी सीटर 1917 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 2017 रुपये, एसी सीटर 2347 रुपये, एसी स्लीपर 3256 रुपये


अररिया-दिल्ली (1319 किमी): नॉन-एसी सीटर 1929 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 2029 रुपये, एसी सीटर 2362 रुपये, एसी स्लीपर 3275 रुपये


सीमांचल व उत्तर बिहार के अन्य प्रमुख मार्गों का किराया

अन्य प्रमुख जिलों से दिल्ली जाने वाली बसों की विभिन्न श्रेणियों का किराया भी तय कर दिया गया है:


किशनगंज-दिल्ली (1427 किमी): नॉन-एसी सीटर 2011 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 2111 रुपये, एसी सीटर 2463 रुपये, एसी स्लीपर 3375 रुपये


मोतिहारी-दिल्ली (1071 किमी): नॉन-एसी सीटर 1429 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1529 रुपये, एसी सीटर 1755 रुपये, एसी स्लीपर 2694 रुपये


सीतामढ़ी-दिल्ली (1130 किमी): नॉन-एसी सीटर 1579 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1679 रुपये, एसी सीटर 1937 रुपये, एसी स्लीपर 2850 रुपये


शिवहर-दिल्ली (1118 किमी): नॉन-एसी सीटर 1559 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1659 रुपये, एसी सीटर 1913 रुपये, एसी स्लीपर 2821 रुपये


सीवान-दिल्ली (962 किमी): नॉन-एसी सीटर 1276 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1376 रुपये, एसी सीटर 1568 रुपये, एसी स्लीपर 2467 रुपये


सुपौल-दिल्ली (1285 किमी): नॉन-एसी सीटर 1774 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1874 रुपये, एसी सीटर 2175 रुपये, एसी स्लीपर 3114 रुपये


लौकहा-दिल्ली (1322 किमी): नॉन-एसी सीटर 1844 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर 1944 रुपये, एसी सीटर 2257 रुपये, एसी स्लीपर 3176 रुपये


ऑनलाइन बुकिंग और हेल्पलाइन की सुविधा उपलब्ध

अन्य मार्गों के किराए, बसों की समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग से जुड़ी सभी जानकारियां बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के आधिकारिक पोर्टल www.bsrtc.bihar.gov.in पर उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा यात्री सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी संपर्क कर सकते हैं। इस शुभारंभ कार्यक्रम में बीएसआरटीसी के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, दिल्ली के चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मुख्य सचिव राजीव वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।