Bihar Election 2025: लालू यादव ने 12 घंटे के अंदर राजद प्रत्याशियों से सिंबल लिया वापस, महागठबंधन में टूट के संकेत, तेजस्वी की बढ़ी टेंशन
Bihar Election 2025: राजद सुप्रीमो लालू यादव ने बीते दिन राजद के 10 प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल दिया लेकिन 12 घंटे के अंदर ही पार्टी सिंबल को वापस भी ले लिया। जिससे सियासी सरगर्मी बढ़ गई।

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगरमी बढ़ गई है। एक ओर जहां एनडीए में सीट शेयरिंग हो गई है तो वहीं दूसरी ओर महागठबंधन में पेंच फंसता दिख रहा है। महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर अब तक सहमति नहीं बनी है। कयास तो यहां तक लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस महागठबंधन तोड़ 243 सीटों पर उम्मीदवार उतार सकती है। कांग्रेस ने 243 सीटों की संभावित सूची भी मांग ली है। वहीं बीते दिन राजद सुप्रीमो लालू यादव ने राजद के 10 प्रत्याशियों को सिंबल बांट दिया लेकिन सिंबल देने के 12 घंटे के बाद ही उन्होंने सिंबल वापस भी ले लिया। जिससे सियासी सरगरमी और बढ़ गई है।
12 घंटे में वापस लिया सिंबल
दरअसल, बीती शाम खबर सामने आई कि राजद सुप्रीमो लालू यादव ने कई उम्मीदवारों को पार्टी सिंबल सौंपे। तस्वीरें भी सामने आई। लालू यादव ने बेगूसराय के मटिहानी सीट से बोगो सिंह को RJD का सिंबल दिया। JDU से RJD में गए संजीव सिंह को परबत्ता से पार्टी सिबंल दिया गया वहीं मनेर से राजद विधायक भाई वीरेंद्र को पार्टी सिबंल दिया गया। लेकिन देर रात खबर आई कि कई प्रत्याशियों से सिंबल वापस ले लिया गया। माना जा रहा है कि जब लालू यादव ने टिकट बांटा तो कांग्रेस नेतृत्व ने अपने नेताओं से राज्य की सभी 243 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार करने को कह दिया।
महागठबंधन में टूट के संकेत !
वहीं तेजस्वी यादव बिना राहुल गांधी से मिले रात में ही पटना लौट आए। जिससे महागठबंधन के अंदर असहमति के संकेत और गहरे हो गए हैं। वहीं दिल्ली में सोमवार देर रात कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बिहार कांग्रेस नेताओं की हाईलेवल मीटिंग हुई। बैठक के बाद पार्टी नेताओं को दिल्ली में ही रुकने का निर्देश दिया गया। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि अबकी बार सीटों की संख्या से ज्यादा गुणवत्ता पर जोर दिया जाएगा। इसी बीच, सोशल मीडिया पर भी राजद-कांग्रेस के नेताओं के बीच नोकझोंक और शायरी वाला तंज देखने को मिला। राजद सांसद मनोज झा ने लिखा- “रहिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो छिटकाय, टूटे से फिर न मिले, मिले गांठ परिजाय।”
कांग्रेस-राजद आमने-सामने
इस पर कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने जवाब दिया कि, "पानी आंख में भर कर लाया जा सकता है, अब भी जलता शहर बचाया जा सकता है।" कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने भी कहा कि "शहर में आग है मगर राख में अब भी रूह है, कुछ लोग हैं जो मोहब्बत को जिंदा रखे हुए हैं।" वहीं तेजस्वी यादव ने पटना पहुंचे ही कहा कि एक-दो दिनों में सब स्पष्ट हो जाएगा। कोई समस्या नहीं है, सब कुछ ठीक है।