Bihar Politics:नए सर्वे में बिहार की सत्ता की तस्वीर, नीतीश, तेजस्वी या किशोर, मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कौन आगे? जानिए

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नज़दीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे सियासी तापमान भी बढ़ता जा रहा है। इस बार सूबे की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।...

Bihar Power Race Nitish Tejashwi or prashant Kishore
नए सर्वे में बिहार की सत्ता की तस्वीर- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नज़दीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे सियासी तापमान भी बढ़ता जा रहा है। इस बार सूबे की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। एनडीए, इंडिया इंडिया गठबंधन और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबले ने सियासी पटल पर हलचल बढ़ा दी है।

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे अधिक ध्यान इस पर है कि क्या जेडीयू नेता नीतीश कुमार लगातार तीसरी बार सत्ता में लौट पाएंगे, या एनडीए जीतने पर बीजेपी कोई नया मुख्यमंत्री चेहरा पेश करेगी। वहीं, अगर विपक्ष सत्ता में आता है तो उसका मुख्यमंत्री कौन होगा यह भी चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।

हालिया ओपिनियन पोल और सर्वे राज्य के मतदाताओं की मंशा को भांपने की कोशिश कर रहे हैं। गुरुवार को जारी सी-वोटर सर्वे ने बिहार के अगले मुख्यमंत्री के लिए मतदाताओं की पसंद का संकेत दिया। सर्वे के अनुसार तेजस्वी यादव इस समय सबसे पसंदीदा उम्मीदवार हैं। लगभग 35 प्रतिशत लोगों ने उन्हें बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनने के लिए चुना। हालांकि, फरवरी 2025 के मुकाबले यह संख्या 5 प्रतिशत कम हुई है।

वहीं, मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। सर्वे में वे तीसरे सबसे पसंदीदा मुख्यमंत्री हैं, जिनको लगभग 16 प्रतिशत मतदाताओं ने चुना। फरवरी में यह संख्या 18 प्रतिशत थी, अप्रैल में घटकर 15 प्रतिशत, जून के पहले सप्ताह में बढ़कर 18 प्रतिशत, अगस्त में घटकर 14 प्रतिशत और सितंबर में थोड़ा बढ़कर 16 प्रतिशत हो गई।

सर्वे में एक चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि राजनीतिक रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। वे इस समय मुख्यमंत्री पद के लिए लगभग 23 प्रतिशत मतदाताओं की पसंद हैं। फरवरी में उनकी लोकप्रियता 14 प्रतिशत थी, जुलाई में 18 प्रतिशत, और अगस्त में 21 प्रतिशत तक पहुंच गई।

राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं कि 243 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए यह मुकाबला बेहद दिलचस्प होगा। देश का चुनाव आयोग अगले सप्ताह चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है, जिससे बिहार की राजनीति में चुनावी जंग और गरमाईगी बढ़ जाएगी।