Bihar Election 2025: प्रशांत किशोर आज जन सुराज के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट करेंगे जारी, इनते सीटों का होगा ऐलान, सियासी सरगर्मी बढ़ी...
Bihar Election 2025: प्रशांत किशोर आज जन सुराज के 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करेंगे। पीके पहले चरण के चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेंगे। पहली चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है जबकि कल से नामांकन प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। सभी पार्टियां अब उम्मीदवारों के ऐलान में जुटी हैं। इसी कड़ी में आज प्रशांत किशोर जन सुराज पार्टी के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करेंगे। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की पार्टी गुरुवार यानी आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इस पहली लिस्ट में 40 सुरक्षित सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे।
आज जारी होगा पहली लिस्ट
जानकारी के अनुसार, सूची में पीके की पदयात्रा में शामिल कई सक्रिय कार्यकर्ताओं, शिक्षित युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और किसान संगठनों से जुड़े लोगों को टिकट दिया जा सकता है। सबकी निगाहें इस बात पर भी टिकी हैं कि क्या प्रशांत किशोर खुद इस पहली लिस्ट में शामिल होंगे या नहीं। हालांकि उन्होंने अब तक औपचारिक रूप से यह नहीं बताया है कि वे किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, लेकिन माना जा रहा है कि वे करगहर विधानसभा सीट से मैदान में उतर सकते हैं।
करगहर सीट पर 11 नवंबर को मतदान
करगहर, सासाराम की ब्राह्मण बाहुल्य सीट है और यहां दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा। समीकरणों को देखते हुए राजनीतिक हलकों में यह अटकल तेज है कि पीके इसी सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। करीब एक माह पहले एक इंटरव्यू में प्रशांत किशोर ने कहा था कि वे चुनाव केवल दो जगहों से लड़ सकते हैं जन्मभूमि (सासाराम के करगहर) या कर्मभूमि (राघोपुर) से। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर चुनाव लड़ेंगे, तो किसी बड़े नेता के खिलाफ ही उतरेंगे।
नीतीश या तेजस्वी के खिलाफ लड़ेंगे चुनाव
उन्होंने साफ संकेत दिया था कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार या तेजस्वी यादव चुनाव मैदान में आते हैं तो वे उनके खिलाफ उम्मीदवार बनकर उतरेंगे। पीके ने कहा था “अगर नीतीश कुमार चुनाव लड़ेंगे, तो निश्चित तौर पर उनके खिलाफ लड़ूंगा। लेकिन वे 20 वर्षों से सीधे चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।” अब देखना यह दिलचस्प होगा कि जन सुराज की पहली सूची में प्रशांत किशोर का नाम शामिल होता है या नहीं और अगर नहीं, तो क्या दूसरी सूची में वे खुद को मैदान में उतारेंगे।