हैवानियत की सारी हदे पार : 2 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म, बच्ची की हालत गंभीर
झारखंड के गुमला जिले के सिसई प्रखंड में मानवता को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां महज दो वर्ष की मासूम बच्ची के साथ उसके पड़ोसी युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है...
Gumla : जिले के सिसई प्रखंड से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां महज दो वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है। पीड़ित बच्ची को त गंभीर स्थिति में गुमला सदर अस्पताल के एसएनसीयू (SNCU) वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
चॉकलेट दिलाने के बहाने ले गया था आरोपी
परिजनों के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे की है। पड़ोस में ही रहने वाला एक युवक बच्ची को चॉकलेट दिलाने और गोद में घूमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। पड़ोसी होने और घर में लगातार आना-जाना होने के कारण परिवार को उस पर कोई शक नहीं हुआ। आरोप है कि युवक बच्ची को गांव के ही एक सुनसान और अंधेरे स्थान पर ले गया, जहाँ उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। करीब आधे घंटे बाद जब वह बच्ची को वापस छोड़कर भागने लगा, तब मासूम असहनीय दर्द से लगातार रो रही थी।
खून के निशान देख मां को हुआ अहसास
बच्ची की लगातार बिगड़ती स्थिति और रोने की आवाज सुनकर जब मां ने उसकी जांच की, तो बच्ची के शरीर और कपड़ों पर खून के निशान मिले। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा, पुलिस ने लिया हिरासत में
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तुरंत आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसे गांव से ही पकड़ लिया। ग्रामीणों द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उत्तेजित ग्रामीण आरोपी को सजा देने की तैयारी कर ही रहे थे कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और थाने ले आई।
FSL टीम की मदद से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह सतर्क है। आरोपी युवक से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों को मजबूती से जुटाने के लिए पुलिस की फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम भी जांच में जुट गई है। दूसरी ओर, अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की टीम मासूम की जान बचाने और उसकी स्थिति को स्थिर करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।