Gaya Fake Mining Challan Case: 11.67 लाख के फर्जी चालान से वाहन छुड़ाने का प्रयास, वाहन मालिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गया में अवैध खनन के मामले में जब्त वाहन को फर्जी जुर्माना चालान के आधार पर छुड़ाने का मामला सामने आया है. बहेरा थाना पुलिस ने वाहन मालिक विनोद कुमार साव को गिरफ्तार किया है. पुलिस को इस फर्जीवाड़े में अंतरराज्यीय गिरोह के शामिल होने का संदेह है.

Gaya Fake Mining Challan Case
गया में फर्जी जुर्माना चालान से जब्त वाहन छुड़ाने वाला वाहन मालिक गिरफ्तार- फोटो : news 4 nation

गया में अवैध खनन के मामले में जब्त वाहन को फर्जी जुर्माना चालान और दस्तावेज के आधार पर छुड़ाने का मामला सामने आया है। बहेरा थाना पुलिस ने इस मामले में चंदौती थाना क्षेत्र के कंडी नवादा निवासी वाहन मालिक विनोद कुमार साव को गिरफ्तार किया है, जिस पर जिला खनन कार्यालय, गया के नाम से फर्जी जुर्माना जमा करने संबंधी ज्ञापन और ई-चालान की प्रति देकर वाहन छुड़ाने का प्रयास करने का आरोप है।


6 अक्टूबर को जब्त हुआ था वाहन

शेरघाटी-2 एसडीपीओ राजन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि बहेरा थाना कांड संख्या 179/26 (दिनांक 6 अक्टूबर 2026) के तहत अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रजिस्ट्रेशन नंबर BR26GC5806 वाले वाहन को जब्त किया गया था। जिला परिवहन पदाधिकारी, गया के कार्यालय से सत्यापन कराने पर विनोद कुमार वाहन का स्वामी पाया गया।


11.67 लाख रुपये के चालान की प्रति प्रस्तुत की गई

पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को विनोद कुमार के परिजनों ने जिला खनन कार्यालय, गया में 11 लाख 67 हजार 795 रुपये जुर्माना जमा करने से जुड़ा ज्ञापन संख्या 2457/खनन (दिनांक 5 नवंबर 2026) और ई-चालान बीटीसी-04 की छायाप्रति थाने में दी थी। जब खनिज विकास पदाधिकारी, गया के हस्ताक्षर का सत्यापन कराया गया तो दस्तावेज पर किए गए हस्ताक्षर पहले के दस्तावेजों से भिन्न मिले।


सत्यापन के दौरान सामने आई सच्चाई

इसके बाद बहेरा थाना पुलिस ने ज्ञापन संख्या 650/2 (दिनांक 16 नवंबर 2026) के माध्यम से जिला खनन पदाधिकारी से दस्तावेजों के सत्यापन का अनुरोध किया। इसी बीच 18 नवंबर को वाहन मालिक विनोद कुमार थाने पहुंचा और वाहन को न्यायालय से मुक्त कराने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र भेजने की मांग करने लगा, जबकि उसी दिन थानाध्यक्ष ने वाट्सएप के जरिए खनिज विकास पदाधिकारी कार्यालय से ज्ञापन संख्या 3409/खनन (दिनांक 18 नवंबर 2026) का पत्र प्राप्त किया।


खनन कार्यालय से जारी ही नहीं हुआ था ज्ञापन

सत्यापन में यह स्पष्ट हुआ कि ज्ञापन संख्या 2457/खनन (दिनांक 5 नवंबर 2026) जिला खनन कार्यालय, गया से जारी ही नहीं किया गया था और प्रस्तुत दस्तावेज पूरी तरह फर्जी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बिहार सरकार को गुमराह कर राजस्व को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से धोखाधड़ी और जालसाजी करते हुए फर्जी कागजात तैयार कर पेश किए।


अन्य थानों के चालानों की भी होगी जांच

एसडीपीओ ने बताया कि शेरघाटी-2 अनुमंडल के अन्य थानों में भी अवैध खनन के मामलों में जब्त वाहनों को फर्जी चालान के सहारे छुड़ाए जाने की सूचना मिली है। ऐसे सभी मामलों के जुर्माना चालानों की खनन विभाग से दोबारा जांच कराई जाएगी, वहीं पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने भी फर्जी चालान के जरिए कई थानों से वाहन छुड़ाए जाने की बात स्वीकार की है।


दस्तावेज जब्त, प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू

पुलिस ने प्रदर्श संख्या 01 से 04 तक के दस्तावेजों को विधिवत जब्त कर बीएनएसएस की धारा 48 के तहत नोटिस देने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है और फर्जी दस्तावेज बनाने व इस्तेमाल करने में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।


अंतरराज्यीय गिरोह के शामिल होने का संदेह

पुलिस को आशंका है कि इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे अंतरराज्यीय गिरोह काम कर रहा है, जो विभिन्न थानों से अवैध खनन के मामलों में जब्त वाहनों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर छुड़ाने में लगा है। ऐसे वाहनों और उनके स्वामियों को चिह्नित कर आगे की कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।