पूर्व मुख्यमंत्री की बिगड़ी तबीयत, हालत नाजुक, जिंदगी मौत से लड़ रहे मंत्री, वेंटिलेटर पर राज्य के दो वरिष्ठ नेता, जानिए हेल्थ अपडेट

राज्य के दो वरिष्ठ नेताओं की तबीयत खराब होने से पार्टी में हड़कंप मच गया है। पार्टी के नेता दोनों नेताओं के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना कर रहे हैं। आइए जानते हैं फिलहाल दोनों की स्थिति कैसी है...

शिबू सोरेन मंत्री रामदास सोरेन
दो नेताओं की तबीयत बिगड़ी - फोटो : social media

N4N Desk: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की अचनाक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार शनिवार से उनकी हालत में कोई गिरावट नहीं आई है, हालांकि उन्हें अभी भी विशेष निगरानी में रखा गया है। इससे पहले शुक्रवार को उनकी तबीयत अचानक गंभीर हो गई थी, जिसके बाद उन्हें वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हैं शिबू सोरेन 

81 वर्षीय शिबू सोरेन 19 जून से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। सूत्रों के मुताबिक उन्हें किडनी से जुड़ी परेशानी के साथ हल्का ब्रेन स्ट्रोक भी हुआ था। तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ दिल्ली पहुंचे और अस्पताल में मौजूद रहकर डॉक्टरों से लगातार अपडेट लेते रहे। फिलहाल स्थिति स्थिर जरूर है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि स्वास्थ्य में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है।

राज्यभर में शिबू सोरेन के लिए दुआएं

आदिवासी अस्मिता और झारखंड की राजनीति का अहम चेहरा रहे शिबू सोरेन की तबीयत को लेकर राज्यभर में चिंता का माहौल है। आम लोग से लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार अस्पताल जाकर हालचाल ले रहे हैं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं पूरे राज्य में की जा रही है।

लाइफ सपोर्ट पर मंत्री रामदास सोरेन 

इधर, झारखंड सरकार के मंत्री रामदास सोरेन की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। शनिवार शाम अपोलो अस्पताल प्रबंधन द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। वे क्रिटिकल कंडीशन में अस्पताल लाए गए थे और अब तक उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपोलो अस्पताल जाकर भी रामदास सोरेन का हालचाल लिया और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा कि मरांग बुरु अपने इस लाल को शक्ति और साहस दे। राज्य सरकार के दो वरिष्ठ नेताओं की गंभीर हालत से झारखंड की राजनीति में चिंताजनक माहौल है। मुख्यमंत्री लगातार दोनों नेताओं की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।