पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में भारी बवाल, तेज प्रताप यादव के समर्थक निर्दलीय उम्मीदवार रिंकल को टांगकर थाने लाई पुलिस

गिरफ्तारी की खबर फैलते ही रिंकल यादव के समर्थक आक्रोशित हो उठे और उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया।

Patna University student union elections
Patna University student union elections- फोटो : news4nation

PUSU: पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के दौरान शनिवार को जमकर बवाल हो गया। लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी के समर्थक और अध्यक्ष पद के निर्दलीय उम्मीदवार रिंकल यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिसके बाद विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। रिंकल यादव को तेज प्रताप यादव का करीबी माना जाता है।


गिरफ्तारी की खबर फैलते ही रिंकल यादव के समर्थक आक्रोशित हो उठे और उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताते हुए नारेबाजी की और रिंकल यादव की तत्काल रिहाई की मांग की। हालात को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पुलिस रिंकल यादव को टांगकर थाने लाई। 


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र संघ चुनाव को लेकर पहले से ही माहौल गर्म था। इसी बीच पुलिस द्वारा उम्मीदवार की गिरफ्तारी से छात्रों का आक्रोश और भड़क गया। कुछ देर के लिए कक्षाओं और प्रशासनिक कामकाज पर भी असर पड़ा। पुलिस और प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 


सेंट्रल पैनल के 5 पद के लिए 41 और काउंसलर के लिए 45 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, अध्यक्ष पद के लिए 11 उम्मीदवार, महासचिव के लिए 9, उपाध्यक्ष के लिए 8, संयुक्त सचिव के लिए 6 और कोषाध्यक्ष पद के लिए 7 प्रत्याशी मैदान में हैं। छात्र दोपहर 2:30 तक मतदान कर सकते हैं। वोटिंग को लेकर कॉलेजों में पुलिस की तैनाती की गई। आज शाम 4:10 बजे से ही पटना आर्ट्स कॉलेज में मतों की गिनती शुरू होगी।

अनिल की रिपोर्ट