जहानाबाद में सांप काटने के बाद झाड़-फूंक के चक्कर में युवक की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

JEHANABAD : इन दिनों बरसात के मौसम में सांप काटने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे मामलों में अक्सर लोग लापरवाही के भी शिकार हो जाते हैं। जिनसे उन्हें जान तक गंवानी पड़ जाती है। ताजा मामला भी कुछ इस प्रकार का हीं निकल कर आया है। जहां जिले के नारायणपुर मुरारी गांव में रविवार की देर रात एक युवक खेत में पटवन का काम करने जा रहा था। 

इसी बीच उसे एक जहरीले सांप ने काट लिया। सांप के काटने के बाद युवक के परिजन उसे अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक करवाने लेकर चले गए। जब युवक की हालत में कोई सुधार नहीं आया और स्थिति और भी बिगड़ती गई। तब सोमवार की सुबह परिजनों द्वारा युवक को जहानाबाद के सदर अस्पताल में इलाज हेतु लाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे यहां मृत घोषित कर दिया है। 

घटना को लेकर परिजन बताते हैं कि युवक बीते रात खेत में पटवन के लिए जा रहा था। इसी बीच उसे किसी जहरीले सांप ने डंस लिया था। तब से युवक की स्थिति बिगड़ती ही जा रही थी। हम लोग पहले उसे झाड़-फूंक करवाने लेकर चले गए थे। लेकिन स्थिति में सुधार नहीं आया। तब उसे अस्पताल लेकर आए हैं। 

Nsmch
NIHER

गौरतलब हो कि सांप काटने के मामले में अक्सर लोग झाड़-फूंक करवाने चले जाते हैं। जिससे कि उनकी जान पर बन आती है। ऐसे मामलों में लोगों को सचेत होने की जरूरत है और सीधे अस्पताल में आने की जरूरत है।

जहानाबाद से रितेश कुमार की रिपोर्ट