पटना: राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना समारोह को वर्चुअल तरीके से मनाया जायेगा। इसमें राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद दिल्ली से तथा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह पटना से जुड़ेगें।
दरअसल गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक आवश्यक बैठक हुई। जिसमें पांच जुलाई 2021 को राष्ट्रीय जनता दल के 25वें स्थापना दिवस समारोह को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए वर्चुअल तरीके से मनाने पर विचार विमर्श हुआ। बैठक में कई अन्य ज्वलंत जन समस्यों पर भी चर्चा हुई।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना 5 जुलाई 1997 ई को नई दिल्ली में हुई थी। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डॉ तनवीर हसन, शिवचन्द्र राम, सुरेश पासवान, विनोद कुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष डॉ सुनील कुमार सिंह, प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह आदि उपस्थित थे।