AURANGABAD: औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के रानी कुआं के पास NH-2 पर सुबह-सुबह सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में जिस व्यक्ति की मौत हुई, उसकी पहचान गया जिला के बड़की डेलहा गांव निवासी मनोज कुमार के रूप में की गई है। वहीं घायल की पहचान मृतक के भगिना चंदन कुमार बताया जा रहा है। चंदन कुमार को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर में भर्ती कराया गया है। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर सदर अस्पताल औरंगाबाद के लिए रेफर कर दिया है। हादसे के संदर्भ में घायल ने बताया कि वह दोनों गया से हरिहरगंज जा रहे थे। उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार व्यक्ति बाइक के साथ ही काफी दूर तक खिंचता चला गया। NH-2 पर ही मनोज कुमार की दर्दनाक मौत हो गई।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता अपने दल बल के साथ पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर हॉस्पिटल भेज दिया है। फिलहाल घायल चंदन का इलाज जारी है।