नालंदा और सासाराम की घटना को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय मुस्तैद, जानिए क्या है पूरी तैयारी

PATNA : 30 मार्च की रात्रि में रोहतास जिला के नगर थाना अन्तर्गत ग्राम मदार दरवाजा में रामनवमी जुलूस के निकाले जाने के क्रम में दो समुदाय के युवकों के बीच आपत्तिजनक शब्दों को लेकर विवाद हो गया। जिसको लेकर साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की कुचेष्टा की गई। पुनः उस विवाद को लेकर 31 मार्च को लगभग 11.00 बजे ग्राम मदार दरवाजा में दोनों समुदायों के कतिपय असमाजिक तत्वों के बीच पथराव एवं आगजनी की घटना घटित हुई। घटनास्थल पर जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के द्वारा तत्काल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
आवश्यक सभी निरोधात्मक उपाय किये जा रहे हैं। इस घटना क्रम में कोई फायरिंग की घटना घटित नहीं हुई है और ना ही किसी के जख्मी होने की सूचना है। विधि व्यवस्था संधारण के क्रम में 01 सिपाही के सिर में चोट आई है, जिनकी चिकित्सा चल रही है तथा उनके स्वास्थ्य की स्थिति स्थिर है। उपरोक्त प्रकरण में काण्ड दर्ज कर अनुसन्धान के उपरान्त कड़ी कार्रवाई की जायेगी। घटनास्थल पर पर्याप्त संख्या में बल तथा दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
वर्तमान में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है, स्थिति शान्तिपूर्ण है। नालन्दा के लहेरी थानान्तर्गत गगन दीवान मोहल्ले में रामनवमी के जुलूस के गुजरने के क्रम में पथराव एवं तोड़फोड़ की घटना संध्या लगभग 17.00 बजे घटित हुई। इस सम्बन्ध में स्थानीय पुलिस एवं जिला प्रशासन के द्वारा उपलब्ध बलों एवं पदाधिकारियों के साथ विधि व्यवस्था का संधारण किया जा रहा है। जिला अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक घटना स्थल पर मौजूद हैं। पुलिस महानिरीक्षक, पटना तथा आयुक्त, पटना नालन्दा के लिए घटना स्थल पर पहुंच चुके हैं। स्थिति को नियंत्रण में करते हुए शान्ति व्यवस्था के सभी उपाय किये जा रहे हैं।
नालन्दा में 03 व्यक्तियों के जख्मी होने की सूचन आ रही है। उनकी बेहतर चिकित्सा कराई जा रही है वर्तमान में उनके स्वास्थ्य की स्थिति स्थिर होने की सूचना है। घटनास्थल पर पर्याप्त संख्या में बल तथा दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। वर्तमान में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है, स्थिति शान्तिपूर्ण है। उपरोक्त घटना क्रम में आपराधिक मामला दर्ज कर जाँच किया जायेगा तथा दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी।