उपेंद्र कुशवाहा को खत्म करने के लिए भाजपा ने खड़ा किया पवन सिंह को, सीमा कुशवाहा ने लगा दिया बड़ा आरोप

PATNA : बिहार एनडीए में आज उस समय भूचाल आ गया जब भोजपुरी एक्टर व सिंगर पवन सिंह ने काराकाट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। काराकाट से पहले ही एनडीए की तरफ से उपेंद्र कुशवाहा के चुनाव लड़ने की तैयारी है। ऐस में जिस तरह से पवन सिंह ने अपने नाम की घोषणा की, उसके बाद विरोधी गुट को भाजपा पर हमला करने का मौका मिल गया है।
वीआईपी नेत्री व काराकाट लोकसभा क्षेत्र में चर्चित चेहरी बन चुकी सीमा कुशवाहा ने पवन सिंह के फैसले को उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ भाजपा की साजिश बताया है। सीमा कुशवाहा ने कहा कि काराकाट लोकसभा से उपेंद्र कुशवाहा एनडीए के प्रत्याशी हैं, जहां भाजपा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पवन सिंह को उतार दिया है। यह उसी तरह से साजिश है, जैसे नीतीश कुमार को नुकसान पहुंचाने के लिए चिराग पासवान को आगे किया गया था।
आरा से क्यों नहीं लड़ रहे चुनाव
सीमा कुशवाहा ने पवन सिंह को निशाने पर लेते हुए कहा उन्हें यह बताना चाहिए कि उन्होंने अपने गृह जिला आरा, बक्सर या औरंगाबाद से चुनाव लड़ने का फैसला क्यों नहीं लिया। यह इसलिए क्योंकि इन तीनों सीटों पर भाजपा ने उनकी जाति के उम्मीदवार उतारे हैं। सिर्फ काराकाट सीट से कुशवाहा समाज को मौका दिया है। इसलिए उन्हें खत्म करने की साजिश रची जा रही है।
कुशवाहा समाज को किया सावधान
सीमा कुशवाहा ने कुशवाहा समाज को भाजपा से सावधान रहने की बात कही। उन्होंने कहा चुनाव में भाजपा ने किसी कुशवाहा को टिकट नहीं दिया। काराकाट से एक कुशवाहा को मौका मिल रहा था तो उनके खिलाफ भी पार्टी ने साजिश रचते हुए पवन सिंह को आगे खड़ा कर दिया।
कुछ माह पहले तक उपेंद्र कुशवाहा पर लगाए थे आरोप
बता दें कि कुछ माह पहले तक सीमा कुशवाहा ने खुलकर उपेंद्र कुशवाहा के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की थी। वह उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से जुड़ी रही थी। बाद में यह कहकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी कि उपेंद्र कुशवाहा ने टिकट बेच दिया है, ताकि जंदाहा में उनका मॉल बन सके। अब उपेंद्र कुशवाहा को लेकर सीमा कुशवाहा की चिंता हैरान करनेवाली है।