अपने ही सहयोगी पार्टी के लोकसभा सीट पर बीजेपी की नजर, केंद्रीय मंत्री ने कह दिया – 2024 में इस सीट से पार्टी लड़ेगी चुनाव

DESK : देश में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी योजनाएं बनानी शुरू कर दी हैं। जहां बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केंद्र की मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए विपक्ष के सभी पार्टियों को एकजुट कर लड़ने की बात कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी अपने ही सहयोगी पार्टी के जीती गई सीट में सेंधमारी करने की तैयारी कर रही है। यहां बात बिहार के वैशाली लोकसभा सीट की हो रही है, जहां अभी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी का अधिकार है। अब 2024 में बीजेपी खुद इस सीट से अपना कैंडिडेट खड़ा करने की प्लानिंग कर रही है। यह बात इसलिए चर्चा में है क्योंकि खुद केंद्रीय मंत्री समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने यह बात कही है।
अभी रालोजपा के पास है यह सीट
बता दें कि वैशाली लोकसभा सीट फिलहाल पशुपति कुमार पारस के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक जनशक्ति के पास है। पार्टी की नेत्री वीणा देवी अभी वैशाली की सांसद हैं। रालोजपा एनडीए की घटक पार्टी है और पशुपति पारस केंद्र सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हैं। पिछले 2019 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन के तहत यह सीट लोजपा को दी गयी थी।
एनडीए उम्मीदवार के रूप में वीणा देवी ने राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रघुवंश सिंह को पराजित किया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पशुपति कुमार पारस यह सीट छोड़ने के लिए तैयार हो जाएंगे। या बीजेपी और रालोजपा के बीच कोई डील हो गई है।
केंद्रीय मंत्री के दावे के बाद पारू विधायक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि वैशाली लोकसभा चुनाव भाजपा अपनी पूरी ताकत से लड़ेगी। वहीं पारू के बड़ादाउद में पार्टी के कोर कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही भाजपा देश ही नहीं विश्व में अपनी पहचान बनायी है। साहेबगंज विधायक डॉ. राजू कुमार सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इससे पूर्व दोनों जगहों पर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनायी गई।