लोकसभा चुनाव में भाजपा को पता चल जाएगी उसकी राजनीतिक औकात, राजद के साधु पासवान का जोरदार हमला, कहा- छाती पर लोट रहा है सांप

PATNA: देश की राजनीतिक इन दिनों गरमाई हुई है। 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर पक्ष- विपक्ष में खींचा-तानी जारी है। वहीं बीते दिन राजधानी दिल्ली में G-20 सम्मेलन के अंतर्गत राष्ट्रपति के द्वारा रात्रि भोज का आयोजन किया गया था। इस भोज में बिहार के सीएम सहित कई नेताओं को निमंत्रण दिया गया था। वहीं नीतीश कुमार के ऱात्रि भोज में शामिल होने के बाद सियासी गलियारों में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। एक बार फिर नीतीश कुमार के पलटी मारने की खबर राज्य में जंगल में लगी आग की तरह फैल रही है। वहीं जदयू नेताओं के द्वारा हर बयान को सिरे से खारिज किया जा रहा है, और उनका दावा है कि इस बार इंडिया गठबंधन हर हाल में केंद्र की मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल कर देगी। इसी कड़ी में राजद नेता साधु पासवान ने भी भाजपा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस बार बीजेपी को उनकी राजनीतिक औकात पता लग जाएगी।
भाजपा की छाती पर लोट रहा सांपः दरअसल, साधु पासवान ने नीतीश कुमार के पलटी मारने के सवाल पर कहा कि, राष्ट्रपति के निमंत्रण पर सीएम नीतीश दिल्ली गए थे। जी-20 सम्मेलन के लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्री को बुलावा गया था। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन भी गए थे। बहुत लोग गए थे। इसलिए यह कयास लगाना सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि, भाजपा के लोगों की छाती पर सांप लोट रहा है। जब से इंडिया गठबंधन बना तब से इन लोगों में मायूसी छा गई है। इसलिए यह लोग मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। इन लोगों को इस बार अपनी राजनीति औकात पता चल जाएगी।
बिहार के पहले जमुई को देखें चिरागः वहीं चिराग पासवान को लेकर साधु पासवान ने कहा कि, विनाश करले विपरीत बुद्धि। उन्होंने कहा कि, चिराग पासवान को पहले अपने क्षेत्र जमुई पर ध्यान देना चाहिए। जमुई में पिछले 10 सालों में एक भी उद्योग नहीं लगा है। एक भी पूल, पुलिया का निर्माण नहीं हुआ है। जमुई के लोग इस बार इनकी विदाई करने का फैसला ले लिए हैं। उन्होंने कहा कि, चिराग पासवान अपने नेता से पूछे कि अब तक 2 करोड़ लोगों को नौकरी क्यों नहीं मिली? बिहार को विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं मिला ? पहले अपने क्षेत्र का देख लें फिर पूरे बिहार पर नजर रखेंगे।
अभी बहुत खेला खेलेगी ईडी-सीबीआईः बता दें कि, ईडी ने जदयू के एमएलसी राधाचरण सिंह को गिरफ्तार कर ली है। जिसे लेकर साधु पासवान ने भड़कते हुए कहा कि, चुनाव का मौसम है तो देखिए अभी सीबीआई और ईडी कौन-कौन खेल खेलेगी। लेकिन इन सब कार्रवाई से इंडिया गठबंधन के लोग विचलित नहीं होंगे। क्योंकि बिहारी के साथ-साथ देश की जनता भी बीजेपी को अच्छी तरह से जान गई है। वहीं अजीत पवार को लेकर कहा कि, जब विपक्ष में थे तो कैरेक्टर ढीला और अब बीजेपी में आएं तो वाशिंग पाउडर से साफ हो गए। चौकीदार जी से पूछिए ना देश का काला धन कहां गया सब।