BREAKING : लालू यादव का ऐलान - नीतीश के लिए खुला है दरवाजा, आएंगे तो जरुर देखेंगे

BREAKING : लालू यादव का ऐलान - नीतीश के लिए खुला है दरवाजा,

पटना. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगर फिर से एनडीए से नाता तोड़ते हैं तो क्या लालू यादव उन्हें अपने साथ मिलाएंगे. सीएम नीतीश के बार बार पलटने की वजह से यह सवाल लगातार बना हुआ है. अब इसे लेकर शुक्रवार को राजद सुप्रीमो लालू यादव ने साफ संकेत दिया है कि वे नीतीश कुमार का स्वागत करने के लिए तैयार हैं. मीडिया से बात करते हुए लालू यादव ने कहा कि अगर नीतीश आएंगे तो देखेंगे. क्या नीतीश कुमार के लिए लालू यादव का दरवाजा खुला है, इस सवाल पर लालू ने साफ कहा कि हमारा दरवाजा खुला ही रहता है.

दरअसल, 28 जनवरी 2024 को नीतीश कुमार ने अचानक से बिहार में एनडीए से नाता जोड़ लिया. वे लालू यादव और कांग्रेस सहित अन्य दलों वाले महागठबंधन से अलग हो गए और भाजपा के समर्थन से फिर से मुख्यमंत्री बन गए. सीएम नीतीश के पलटने के कारण विपक्षी दल लगातार उन पर हमलावर हैं और पलटूराम तक कह रहे हैं. 12 फरवरी को नीतीश सरकार के बहुमत साबित करने के दौरान लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने विधानसभा में भाजपा से सवाल किया था कि इसकी क्या गारंटी है कि नीतीश फिर से नहीं पलटेंगे. इसके पहले भी नीतीश वर्ष 2013 में भाजपा से अलग हुए. फिर 2015 में लालू यादव के साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाई. हालांकि 2017 में उन्होंने फिर से भाजपा में शामिल होने का फैसला कर लिया. वहीं अगस्त 2022 में नीतीश पुनः पलट गए और लालू यादव के साथ हो गए. अब फिर से नीतीश ने एनडीए से दोस्ती कर ली है. 

ऐसे में नीतीश कुमार की राजनीतिक प्रतिबद्धता कितने दिनों तक एनडीए से बनी रहती है. यह बड़ा सवाल बना हुआ है. एक दिन पहले ही बिहार विधानमंडल परिसर में जब लालू यादव और राबड़ी देवी से नीतीश कुमार का आमना –सामना हुआ तो उन्होंने काफी गर्मजोशी से दोनों का अभिवादन किया. इसके 24 घंटे बाद ही अब नीतीश कुमार के पुनः साथ आने पर लालू यादव ने फिर से बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि हमारा दरवाजा खुला ही रहता है. अगर नीतीश आएंगे तो देखेंगे.