जननायक कर्पूरी ठाकुर के भारत रत्न से सम्मानित होने पर सीएम नीतीश ने जताई प्रसन्नता, कहा जदयू की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महान समाजवादी नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कर्पूरी ठाकुर को देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किए जाने के केंद्र सरकार के निर्णय पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त की है और इसे सही निर्णय बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर जी को उनकी 100वीं जयंती पर दिया जाने वाला ये सर्वोच्च सम्मान दलितों, वंचितों और उपेक्षित तबकों के बीच सकारात्मक भाव पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि वो हमेशा से स्व. कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न देने की मांग करते रहे हैं। आज कर्पूरी ठाकुर जी को दिए जाने वाले इस सम्मान से उन्हें खुशी मिली है और जेडीयू की वर्षो पुरानी मांग पूरी हुई है।
बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने पूर्व मुख्यमंत्री जननायक स्व० कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा पर केंद्र सरकार को धन्यवाद और राज्य की जनता को बधाई दी है। सामाजिक न्याय के पुरोधा स्व० कर्पूरी जी गरीबों के उत्थान के लिए आजीवन संघर्षरत रहे। उन्हें यह सम्मान मिलने से बिहार गौरवान्वित हुआ है।
वहीँ पूर्व मंत्री और भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा की बिहार के लिए आज बहुत बड़ा दिन है। बिहार के लाल, पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न से नवाजा गया। जननायक कर्पूरी ठाकुर जी ने पिछड़ा समाज के हक को आवाज दी। उनकी लड़ाई लड़ी। आज उनके लिए भारत रत्न का ऐलान समस्त पिछड़ा समाज के लिए बड़ा सम्मान है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सभी बिहारवासियों की ओर से बहुत बहुत धन्यवाद।
लोजपा (रा.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा की ‘सामाजिक न्याय’ के पुरोधा जननायक कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत उनकी 100 वीं जयंती के अवसर पर भारत रत्न देने की घोषणा करने पर देश के प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। जननायक कर्पूरी ठाकुर जी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मान-सम्मान दिलाने के लिए सदैव तत्पर रहते थे। इन्हें भारत रत्न से सम्मानित करना समस्त बिहारवासियों का सम्मान है।
उधर नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा की सरल, सहज, सादगी और ईमानदारी के प्रतिमूर्ति बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को बिहार भाजपा की मांग पर मरणोपरांत केंद्र सरकार ने भारत रत्न की उपाधि दी है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे अति पिछड़े समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए गरीबों के नेता का सम्मान किया।