लॉकडाउन में बेखौफ हो कर साइबर अपराधी चला रहे अपना धंधा, फेक फेसबुक अकाउंट पर बीमारी के बहाने लगा रहे चूना

NEWS4NATION DESK : लॉकडाउन में भी साइबर ठग बेखौफ होकर ठगी का धंधा चला रहे हैं। नए-नए तरीके से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। वे लोगों को  ठगने के लिए अब फेसबुक का सहारा ले रहे हैं। फेसबुक आईडी से फोटो का इस्तेमाल कर साइबर ठग फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों से बीमारी के बहाने पैसे की मांग कर रहे हैं।

झारखंड के जमशेदपुर शहर से कई ऐसे मामले सामने है। ठगी के शिकार हुए कई लोग बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई हैं। पुलिस भी साइबर ठगों के नए-नए पैतरे से परेशान है।

पुलिस वालों को भी साइबर ठग बना रहे शिकार
 आलम यह है कि आम लोग ही नहीं साइबर ठगों ने अब पुलिस वालों को भी चूना लगाना शुरू कर दिया है। पुलिस वाला बन पुलिस वालों से ही साइबर ठग पैसों की ठगी कर रहे हैं। हाल ही में पुलिस वाले से 45 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया था। बिरसानगर थानेदार रफायल मुर्मू से साइबर ठगों ने एडीजी ऑफिस से रांची का एसपी बन 45 हजार रुपए की ठगी की थी। इसी प्रकार साइबर ठगों ने उलीडीह और कदमा थाना के एक-एक पदाधिकारी से रुपए की ठगी की थी।

Nsmch
NIHER

अब पुलिस ने लोगों को सावधान रहने को कहा है। पुलिस ने कहा है फेसबुक पर ऐसे किसी भी मैसेज की पहले जांच कर लें। उसके बाद ही कोई कदम उठाएं। 

मैसेंजर का करें प्रयोग
 साइबर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार मंडल ने बताया कि फेसबुक अकाउंट के मैसेंजर हैक कर साइबर ठग ठगी कर रहे हैं। मैसेंजर का लगातार प्रयोग करें। ज्यादा दिन तक मैसेंजर का इस्तेमाल नहीं करने से हैक होने की ज्यादा संभावना रहती है।