बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

भागलपुर में तेजी से बढ़ रहा है डेंगू का कहर, 2 दिनों के अंदर मिले 55 नए मरीज, जमीन पर चादर बिछा इलाज कराने को मजबूर

भागलपुर में तेजी से बढ़ रहा है डेंगू का कहर, 2 दिनों के अंदर मिले 55 नए मरीज, जमीन पर चादर बिछा इलाज कराने को मजबूर

BHAGALPUR: बिहार में डेंगू के मामले अब तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रदेश में डेंगू मरीजों की संख्या अब 275 के करीब हो गयी है। भागलपुर में भी बहुत ही तेजी से डेंगू मरीज अपना पांव पसार रहा है। भागलपुर जिले में बीते दो दिनों के अंदर जो आंकड़े सामने आए हैं वो बेहद डरावने हैं।

दरअसल, जिले में शनिवार को डेंगू के 28 नये मरीज जांच के बाद मिले। इनमें 22 मरीज सदर अस्पताल और छह मरीज मायागंज अस्पताल में मिले। 28 में से छह को गंभीर स्थिति में भर्ती होना पड़ा। सदर अस्पताल के प्रभारी डॉ. राजू कुमार ने बताया कि शनिवार को अस्पताल में 74 मरीजों की डेंगू जांच हुई, जिसमें 22 डेंगू के मरीज मिले। इनमें से 17 मरीज शहरी क्षेत्र और पांच मरीज प्रखंडों के हैं। इधर, भागलपुर के मायागंज अस्पताल के हॉस्पिटल मैनेजर सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार को डेंगू के छह नये मरीज डेंगू वार्ड में भर्ती हुए। इनमें से पुलिस लाइन निवासी 30 साल का युवक, बरारी निवासी 24 साल का युवक, मोदीनगर, बबरगंज निवासी 42 साल का युवक, बड़ी खंजरपुर निवासी 23 साल की महिला, भीखनपुर निवासी 60 साल की बुजुर्ग महिला, जिच्छो निवासी 48 साल का अधेड़ हैं, जबकि डेंगू वार्ड में भर्ती 10 मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिए गये। इसके साथ ही डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों की संख्या 23 हो गयी है।

बता दें कि भागलपुर में शुक्रवार को 27 डेंगू मरीज की पुष्टि की गयी थी। वहीं शनिवार को 28 नये मरीज मिले हैं। यानी दो दिनों के अंदर ही 55 नये डेंगू मरीज मिल चुके हैं। जिससे अब चिंता की स्थिति स्वास्थ्य विभाग के सामने आ चुकी है। सिंचाई कॉलोनी और कंपनीबाग के 40 से अधिक लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। भागलपुर के मायागंज अस्पताल में गंभीर डेंगू के मरीजों के इलाज के लिए बनाये गये एचडीयू वार्ड में शनिवार को 13 मरीज भर्ती थे, जबकि एक मरीज बिना बताये बेड छोड़कर निकल गया। बताया जा रहा कि मरीज इलाज से संतुष्ट नहीं था।

 वहीं मायागंज अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में देर रात तक डेंगू के दो संदिग्ध मरीजों को बेड नहीं मिल पाया था। अस्पताल प्रबंधक सुनील गुप्ता ने बताया कि इस समय उमस व गर्मी के कारण लोग तेजी से बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। इन दिनों अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में गंभीर मरीजों की संख्या बढ़ी है। शनिवार को इमरजेंसी में करीब 150 लोग इलाज करा रहे थे। जबकि यहां बेड महज 75 है। करीब 15 मरीज का इलाज ट्रॉली पर रखकर किया जा रहा है। बेड की कमी के कारण कुछ मरीजों के लिए जमीन पर बेड बिछाकर इलाज शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डेंगू की जांच रिपोर्ट किट से तुरंत मिल जाती है।

Suggested News