बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

सासाराम हिंसा मामले में 20 नामजद और 250 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, नुकसान का मुआवजा देगा प्रशासन

सासाराम हिंसा मामले में 20 नामजद और 250 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, नुकसान का मुआवजा देगा प्रशासन

SASARAM : सासाराम रामनवमी जुलूस के बाद सासाराम शहर में हुई हिंसा के बाद स्थिति सामान्य हो गई है। बुधवार का पूरा दिन शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी प्रकार के अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पुलिस की 40 टीमें उपद्रवियों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद नगर थाना क्षेत्र में कुल चार प्राथमिकी की गई हैं। इसके साथ ही 20 नामजद तथा 250 अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है। इसमें से बुधवार तक 57 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी विनीत कुमार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों की संख्या बढ़ाकर 93 स्थान चिह्नित किए गए हैं। सभी 48 वार्ड में वार्ड सद्भावना समिति का गठन कर दंडाधिकारी के साथ दो अतिरिक्त पुलिस बल मुहैया कराया गया है। इस सद्भावना समिति का कार्य लोगों के बीच संवाद स्थापित कर शांति व्यवस्था बहाल करने में सहयोग करना है। डीएम ने बताया कि प्रभावित इलाकों में वरीय दंडाधिकारियों के नेतृत्व में गश्त जारी है। इसमें महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को भी शामिल किया गया है। उनके व एसपी के द्वारा लगातार प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया जा रहा है।

इसके अलावा असुरक्षा की भावना को दूर करने एवं विश्वास बहाली के लिए आम लोगों से वार्ता की जा रही है। अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा भी क्षेत्र भ्रमण करते हुए आम नागरिकों से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। डीएम ने आग्रह किया कि किसी भी प्रकार के अफवाह पर विश्वास न करें। अफवाह की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दें। डीएम ने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य व शांतिपूर्ण है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

उपद्रवियों पर जानलेवा व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की प्राथमिकी 

रामनवमी जुलूस के बाद दो समुदायों के बीच शहर में उपजे विवाद व तनाव मामले में पुलिस ने अभी तक चार प्राथमिकी दर्ज की हैं, जिसमें से दो एफआइआर को पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए कोर्ट में समर्पित किया है। वहीं, 57 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। उपद्रवियों पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने व विस्फोटक सामग्री रखने की प्राथमिकी हुई है। यह प्राथमिकी सासाराम नगर थाने की पुलिस अधिकारी बसंत कुमार सिंह के बयान पर दर्ज की गई है। एक प्राथमिकी में 42 तो दूसरी प्राथमिकी नौ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

पहली प्राथमिकी में मुश्ताक कुरैशी, मंजर हुसैन, उस्मान खान, जसीन खान, अनवर अली, शाहिद अख्तर, मेंहदी खान, संजीव कुमार, धीरज कुमार, संजय कुमार, आकाश शर्मा, प्रिंस शर्मा, पंकज कुमार, सूरज चंद्रवंशी, मनोज चंद्रवंशी, मनोज चौधरी, रोहन चंद्रवंशी, आर्यन, अनवर आलम, मो. जहांगीर, रिजवी मंसूरी, सुहैल अख्तर, फिरोज कुरैशी, इरफान कुरैशी, मल्लु कुरैशी, रिजवान खान, जुबैर कुरैशी, हिमांशु राज, अश्विनी कुमार, श्यामकिशोर दूबे, अजय मिश्रा, नन्हें, मुन्ना सिंह सिंह समेत 42 लोगों के नाम शामिल हैं।

वहीं, दूसरी प्राथमिकी  में मो. अखलाक हमद, मो. गुलाब हसन, मो. अकरम, मो. अमीर, मो. आदिल, शहजाद समेत नौ लोग नामजद अभियुक्त बने हैं।

एक बार फिर हिंसा फैलाने में वाट्सएप ग्रुप की सामने आई भूमिका

सासाराम में हुए हिंसा मामले में एक बार फिर से वाट्सएप ग्रुप की संदिग्ध भूमिका निकलकर सामने आई है। डीएम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार कुछ लोगों के मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया है। इनसे कुछ संदिग्ध वाट्सएप ग्रुप बने होने का पता चला है। उस ग्रुप के माध्यम से भी हिंसा भड़काने के लिए सूचनाओं का आदान-प्रदान किए जाने के साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस द्वारा लगातार हर बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है। बता दें कि अग्निवीर बहाली को लेकर हुए उपद्रव के दौरान उपद्रवियों द्वारा बड़े पैमाने पर सरकारी संपत्ति किए गए नुकसान के बाद प्रशासन की ओर से चार दर्जन कोचिंग संचालक व मकान मालिक के विरुद्ध दंडनात्मक कार्रवाई के तहत 107 की कार्रवाई एसडीएम कोर्ट में फिलहाल चल रही है।

इस मामले में भी उपद्रवियों द्वारा वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से हिंसा को बढ़ावा देने के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस सभी के मोबाइल फोन को जब्त कर डेटा खंगालने में जुटी हुई है। ग्रुप में जुड़े लोगों द्वारा संदेश के आदान-प्रदान करने वालों को भी चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन कर मिलेगा मुआवजा

सासाराम नगर थाना के शहजलालपीर, सपुल्लाहगंज, नवरतन बाजार, गोला रोड समेत कुछ अन्य मोहल्लों में रामनवमी जुलूस के बाद शुक्रवार को दो पक्षों के बीच आपस में झड़प के बाद निजी संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचाया गया था। जिला प्रशासन अब इसका आकलन कर पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाएगा। डीएम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उपद्रव के दौरान निजी संपत्तियों को पहुंचाई गई क्षति का आकलन कराना शुरू करा दिया गया है।

बाइक खड़ी करने और नारे लगाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

रिपोर्ट के आधार पर मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की रात रामनवमी की शोभायात्रा के बाद शहजलाल पीर इलाके में बाइक खड़ी करने और नारे लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।

इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी थी। शोभायात्रा से लौट रहे लोगों के साथ मारपीट की भी अफवाह फैलती रही। घटना से आक्रोशित दूसरे पक्ष के लोग अगले दिन सड़क पर उतर विरोध करने लगे। जिससे संवेदनशील होता गया। शहर के गोला बाजार, चौखंडी, धर्मशाला, ईदगाह मोहल्ले में पथराव हुआ। इस दौरान बम फोड़ने के साथ तीन घरों व दो दुकानों में आगजनी की भी बातें सामने आईं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। अफवाह फैलानेवालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रभावित इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

आमलोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने व गलत सूचनाओं को विभिन्न इंटरनेट मीडिया से प्रसारित नहीं करने की अपील की गई है। प्रशासन द्वारा दुकानदारों से अपनी दुकानें खुली रखने व अफवाहों में नहीं आने की अपील की गई है।

Suggested News