पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने सीएम नीतीश को बताया सत्तालोभी, कहा सिगरेट के आखिरी कस तक लेंगें मजा, जनता दिला देगी संन्यास

NALANDA : भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और महगठबंधन के नेताओं पर लगातार हमला जारी है। उन्होनें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सत्ता लोभित आदमी हैं जो सिगरेट के आखिरी कस तक मजा लेना चाहते हैं। लेकिन आने वाले चुनाव में बिहार की जनता इन्हें सन्यास दिला देगी।
आरसीपी सिंह ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह पर भी जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि 14 मई को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पत्नी की पुण्यतिथि है। उसी दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मीट भात का भोज दे रहे थे। यह भारतीय संस्कृति और परंपरा से बिल्कुल उलट है। अगर उन्हें भंडारा ही करना था तो पूरी और खीर का भी भंडारा कर सकते थे।
नए संसद भवन के उद्घाटन के उपलक्ष्य में हो रही सियासत पर आरसीपी सिंह ने कहा कि इस देश का जो संविधान है। इस देश की जो परंपरा है यह पहली बार तो नहीं हो रहा है। यह अवसर बार-बार नहीं मिलता है। 96 वर्षों के बाद यह भवन बनकर तैयार हुआ और इसके लिए तो पूरे देशवासियों को अपने प्रधानमंत्री पर गर्व करना चाहिए कि यह संसद भवन कितना शानदार बना है। जनता दल यू विरोध कर रही है तो नीतीश बाबू सबसे पहले बताए कि बिहार में सेंट्रल हॉल बनाया गया। उसका शिलान्यास मुख्यमंत्री ने किया था। आप राज्य में कर रहे हैं तो बहुत अच्छा है। केंद्र में अगर प्रधानमंत्री कर रहे हैं तो साहब ठीक नहीं है। यह कैसे हो सकता है। यह दो तरह की बातें नहीं करनी चाहिए।
वहीँ उन्होंने कहा की शराबबंदी बिहार में सबसे बड़ा मजाक है। शराबबंदी जो लागू की गई थी। बिहार के सभी लोगों ने इसका समर्थन किया था। बिहार के लोग सोच रहे थे कि सरकार इसे सख्ती से लागू करेगी। पहले दुकान के माध्यम से शराब बिकती थी और आज यह स्थिति हो गई है कि घर-घर शराब की डिलीवरी हो रही है। शराबबंदी पूरी तरह से फेल हो गई है। राजस्व का भी भारी नुकसान हो रहा है। 20 से 25 हजार करोड़ का नुकसान हर साल हो रहा है। कानूनी पेच में बिहार की गरीब जनता फंसी हुई है सो अलग। जहरीली शराब से कितने जिलों में लोगों की मौतें हुई है।
नालंदा से राज की रिपोर्ट