कैमूर में शादी समारोह से लौट रहे पति पत्नी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
KAIMUR : जिले के मुंडेश्वरी धाम से शादी समारोह से लौट रहे पति पत्नी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी है। वहीँ कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतक पति पत्नी चांद गांव निवासी नारायण हजाम एवं उसकी पत्नी कृष्णावती देवी बताई जाती है। घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव का पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना चैनपुर के बिडी गांव के पास की बताई जा रही है।
घटना के सम्बन्ध में मृतक के पुत्र ने बताया कि सभी लोग मुंडेश्वरी मंदिर में चांद गांव निवासी हरिवंश यादव के बेटी के शादी समारोह में गए हुए थे। जहाँ शादी समारोह खत्म होने के बाद सभी लोग मैजिक वाहन से अपने गांव चांद आ रहे थे। तभी बीडी गांव के पास मैजिक और ट्रेक्टर की आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी। जहाँ सभी घायलों को बाहर निकाला गया और चैनपुर पीएचसी में इलाज के लिए ले जाया गया।
जहाँ से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद पति पत्नी सहित 3 लोगों को बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहाँ चिकित्सक ने पति पत्नी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों में चीख पुकार मच गया। घायल एक महिला चैनपुर निवासी बादामी देवी का इलाज किया जा रहा है। जबकि बाकी कई घायलों का चैनपुर में इलाज चल रहा है।
वहीं घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव का पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है। वहीं मृतक के परिजनों द्वारा प्रशासन से मुआवजा का मांग किया गया है।
कैमूर से देवब्रत की रिपोर्ट