मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े अपराधियों ने ग्रामीण डॉक्टर को गोली मारकर किया जख्मी, अस्पताल में चल रहा है इलाज
MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। आये दिन गंभीर घटनाओं को अंजाम देकर अपराधी पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर में एक बार फ़िर अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर ज़ख्मी कर दिया है। जिसका मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस मौक़े पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है। आपकों बताते चलें कि पुरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया का है जहाँ के रहने वाले नंदू कुमार अपने खेत में काम कर रहा था। तभी अपराधियों ने नंदू को गोली मार दिया। गोलीबारी की घटना में दो गोली नंदू को लगा। जिससे वह बुरी तरह ज़ख्मी हो गया।
गोलीबारी की घटना के बाद इलाक़े में हड़कंप मच गया है। जिसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। जिसके बाद आनन फानन में घायल नंदू कुमार को ईलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की सूचना प्राप्त होते ही मीनापुर थाना प्रभारी संतोष रजक दल बल के साथ मौक़े पर पहुंच मामले की जांच में जुट गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ईस्ट साहियार अख्तर ने भी मौक़े पर पहुंच मामले की जांच की। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी ईस्ट साहियार अख्तर ने बताया कि मीनापुर थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन के विवाद में एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जायेगी।
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट