देवघर एयरपोर्ट पर इंडिगो ने शुरू की सेवा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित 40 यात्रियों को लेकर उतरा विमान

BANKA : बाबा नगरी देवघर में नए एयरपोर्ट की शुरुआत हो चुकी है। प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया है। इसके पहले कोलकाता से इंडिगो का विमान 6ई 7939 देवघर एयरपोर्ट पर सुबह 11.15 बजे लैंड किया। जिसमें 40 से अधिक यात्री स्वर थे। इसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी सहित कई नामी गिरामी पैसेंजर भी थे। एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन और एयरपोर्ट के अधिकारियों ने सभी यात्रियों का स्वागत किया। अपने यात्रा अनुभवों पर कुणाल और दूसरे यात्रियों ने खुशी जतायी। 


कुणाल षाडंगी ने इस ऐतिहासिक पल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अब देवघर की ना केवल देश में पहचान होगी। बल्कि इस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के खुलने से अब विदेशों तक देवघर की पहचान होगी। देवघर में लैंड करने वाले पहले फ्लाइट में बैठकर देवघर आना मेरे लिए काफी ऐतिहासिक पल रहा। 

बता दें, इंडिगो का यह विमान देवघर में 11 बज कर 15 मिनट पर लैंड किया। मिली जानकारी के अनुसार इसी फ्लाइट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर वापस कोलकाता के लिए रवाना किया। देवघर एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए 6ई 7946  वापस कोलकाता के लिए रवाना हुआ।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट