PATNA: किसान आंदोलन में विदेशी सेलीब्रेटीज के ट्वीट पर रिएक्ट करने को लेकर RJD के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी सचिन तेंदुलकर पर भड़क गए हैं। शिवानंद ने कहा कि किसानों को ट्वीट की राजनीति नहीं आती। उन्हें ग्रेटा थनबर्ग और सिंगर रिहाना के बारे में नहीं मालूम। उनके ट्वीट के जवाब में भारत रत्न सचिन तेंदुलकर का उतरना देश के लिए अपमान की बात है।
शिवानंद का तेंदुलकर पर अटैक
शिवानंद तिवारी ने कहा कि सचिन तेंदुलकर को जब भारत रत्न दिया गया था तब भी उन्होंने पुरजोर ढंग से इसका विरोध किया था। अब एक बार फिर कह रहे हैं कि उनके जैसे व्यक्ति को भारत रत्न देना गलत था। आरजेडी नेता ने कहा कि भारत रत्न धारी व्यक्ति तरह-तरह के उत्पादों का विज्ञापन करता है। यह भारत रत्न का अपमान है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए शिवानंद तिवारी ने कहा कि इन लोगों से बयान दिलाकर आप चाहते हैं कि दुनिया आंख पर पट्टी बांध ले। ऐसा नहीं होता है। दुनिया काफी आगे बढ़ चुकी है।
तो 'पानी' पहुंचाने वाले तेजस्वी को मिलना चाहिए था सम्मान?
राजद नेता के इस बयान के बाद जेडीयू ने बड़ा हमला बोला है। जेडीयू के प्रवक्ता निखिल मंडल ने कहा है कि राजद अनपढ़ नेताओं की जमात है। जेडीयू प्रवक्ता ने कहा कि अनपढ़ की जमात है राजद....। सचिन को लोग भगवान मानते है पर राजद के शिवानंद तिवारी कहते है तेंदुलकर को भारत रत्न सम्मान मिलना गलत है। अजी शिवानंद बाबा करोड़ों दिल पर राज करने वाले को सम्मान नही मिलना चाहिए तो क्या क्रिकेट मैदान में पानी पहुंचाने वाले तेजस्वी यादव को मिलना चाहिए ..?